पहले खुद 'मनोरंजन बैंक' के नोटों से ठगा गया, फिर पत्नी संग मिलकर घर में प्रिंटर से छापने लगा नकली करेंसी; पांच गिरफ्तार
शाहजहांपुर पुलिस ने नकली नोट छापने और बाजार में खपाने वाले एक दंपती समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

घटना का खुलासा करते एएसपी सिटी देवेंद्र कुमार
HighLights
एक लाख 15 हजार रुपये मूल्य के नकली नोट बरामद
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। नकली नोट छापकर बाजार में असली बताकर खपाने वाले दंपती समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। एक लाख 15 हजार रुपये के नकली नोट जबकि 37 हजार 500 असली रुपये के नोट बरामद किए हैं। नकली नोट छापने वाले प्रिंटर व अन्य सामग्री को भी बरामद किया है।
सदर पुलिस ने शुक्रवार को एनसीसी तिराहे के पास से बरेली के नवाबगंज निवासी मो. आकिल उसकी पत्नी रीना, हरदोई के पिहानी निवासी सुहेल, इमरान व आशुतोष को गिरफ्तार कर लिया। आकिल ने बताया कि बहन राबिया का निकाह पिहानी में किया था।
वहां उसकी मुलाकात बहन के घर के पास रहने वाले मुकर्रम उर्फ ठाकुर से हुई थी। मुकर्रम ने बताया कि उसका एक दोस्त इमरान है, जिसे 35 हजार रुपये देने पर वह 50 हजार रुपये देगा।
यह नकली होंगे लेकिन बिल्कुल असली जैसे लगेंगे और आसानी से बाजार में खपाए जा सकेंगे। आकिल दो नवंबर को किसी काम से दिल्ली गया था।
वहां पहुंचने के बाद मुकर्रम ने काल करके बताया कि इमरान दिल्ली में ही है और 35 हजार रुपये देकर 50 हजार रुपये प्राप्त करने के लिए कहा। इसके बाद आकिल ने इमरान से काल पर बात की।
सीलमपुर मेट्रो स्टेशन के पास मुलाकात कर इमरान को 35 हजार रुपये दिए तो इमरान ने उसे नकली नोटों की गड्डी थमा दी। आकिल ने होटल में जाकर देखा तो सारे ही नकली नोट थे, जिन पर मनोरंजन बैंक लिखा हुआ था।
उसने इस बात की शिकायत इमरान से की तो इमरान ने उसे पिहानी बुलाया और बताया कि उसका एक दोस्त फोटोग्राफर है वह नकली नोट छाप देगा। नकली नोट के लिए कागज मुकर्रम बाजार से लाकर देगा और अन्य साथियों को भी राजी कर लिया।
आकिल ने इस काम में अपनी पत्नी को भी शामिल किया, ताकि वह बाजार में छुटपुट नोट चलाती रहे और किसी को जानकारी न मिले। इसी लिए वह थोड़ी-थोड़ी मात्रा में नोट छापकर अपनी पत्नी को देता था।
उसकी पत्नी बरेली, शाहजहांपुर आदि स्थानों पर नोट खपा रही थी लेकिन पिहानी में किसी को शक न हो, इसलिए वे लोग अब कुछ दिन के लिए प्रिंटर अपने साथ लेकर और कुछ नकली नोट छापकर उन्हें साथ लेकर बरेली नवाबगंज जा रहे थे।
इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। एएसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपितों से पूछताछ की जा रही है कि अब तक कितने रुपये कहां खपाए जा चुके हैं।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: अधिवक्ता के भाई की हत्या में ढाई माह बाद भी गिरफ्तारी नहीं, एसपी के न मिलने पर भड़के वकीलों ने लगाया जाम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।