विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

35 हजार के रिश्वत कांड में इंस्पेक्टर भी नपेंगे, सिपाही पहले ही बर्खास्त; 150 पन्नों की रिपोर्ट ने खोली पोल

Published: Tue, 24 Nov 2026 10:47 PM (IST)

शाहजहांपुर में जैतीपुर थाने के तत्कालीन इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार को 35 हजार रुपये रिश्वत मामले में दोषी पाया गया है। एएसपी सिटी की 150 पेज की जांच रिपोर्ट के बाद इंस्पेक्टर पर विभागीय कार्रवाई की तैयारी है।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. 10 पुलिसकर्मियों समेत 15 लोगों के बयान दर्ज किए गए, एएसपी सिटी ने एसपी को सौंपी जांच रिपोर्ट

जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। हत्यारोपित से रिश्वत लेने के मामले में जैतीपुर थाने के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार भी दोषी पाए गए हैं। एएसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने करीब 150 पेज की जांच रिपोर्ट एसपी सौरभ दीक्षित को सौंप दी है। इसके आधार पर इंस्पेक्टर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की तैयारी है। इस मामले में सिपाही की सेवा पहले ही समाप्त की जा चुकी है।

बरेली निवासी अखिलेंद्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। उनका शव 21 दिसंबर 2024 को दातागंज मार्ग पर क्षत-विक्षत हालत में मिला था। पिता मुनीश शर्मा ने आंवला निवासी वीरेंद्र, बदायूं के फैजगंज बेहटा निवासी विजय, दातागंज निवासी प्रदीप और सेवानिवृत्त सैनिक सुधांशु को नामजद कराया था।

आरोप था कि पुरानी रंजिश में चारों ने मिलकर अखिलेंद्र की हत्या की और शव सड़क पर फेंककर घटना को हादसे का रूप दिया। पुलिस ने चारों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की प्राथमिकी दर्ज की थी।

हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हैंगिंग बताया गया और शव पर मिले निशानों को एलर्जी का बताया गया। इस वजह से उस समय किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई और विवेचना भी धीमी पड़ गई।

मई-जून में जैतीपुर के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार ने मामले की पुनर्विवेचना शुरू की। आरोप है कि थाने में तैनात सिपाही विवेक कुमार ने नामजद सुधांशु से संपर्क कर 50 हजार रुपये मांगे और रकम न देने पर जेल भेजने की धमकी दी।

कई दिनों तक बातचीत के बाद भी सिपाही 35 हजार रुपये से कम लेने को तैयार नहीं हुआ। सुधांशु ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की। 11 जून को टीम ने सिपाही को थाना परिसर में रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।

बताया गया कि घटना के समय इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार भी थाने में मौजूद थे। एसपी ने उनकी भूमिका संदिग्ध मानते हुए उसी दिन निलंबित किया और जांच एएसपी सिटी को सौंपी।

एएसपी सिटी ने सिपाही और सुधांशु के बीच बातचीत, काल डिटेल, थाने के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और करीब 10 पुलिसकर्मियों सहित 15 लोगों के बयान दर्ज किए।

रिपोर्ट में निष्कर्ष निकाला गया कि सिपाही अकेले यह काम नहीं कर रहा था और उसने इंस्पेक्टर के कहने पर रुपये मांगे थे। एसपी ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिल गई है और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: आंखों की रोशनी लौटाने का झांसा देकर नेत्रहीन को मारा, बैग में छोड़ा अपना आधार; पुलिस ने ऐसे खोला राज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।