शाहजहांपुर: आंखों की रोशनी लौटाने का झांसा देकर नेत्रहीन को मारा, बैग में छोड़ा अपना आधार; पुलिस ने ऐसे खोला राज
दुष्कर्म के आरोपी विनोद ने गिरफ्तारी से बचने के लिए एक नेत्रहीन व्यक्ति राजपाल की हत्या कर अपनी मौत का नाटक रचा। पुलिस ने शव की पहचान पर संदेह होने के बाद जांच की और इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश किया।

आरोपित विनोद शर्मा। सौ. इंटरनेट मीडिया
HighLights
पुलिस को गुमराह करने के लिए दुष्कर्म आरोपित ने बैग में आधार कार्ड की फोटोकापी रख दी थी, पत्नी ने दर्ज कराई थी प्राथमिकी
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। फरार चल रहे दुष्कर्म आरोपित विनोद ने दोबारा जेल से बचने के लिए खतरनाक साजिश रची। उसने नेत्रहीन राजपाल को आंखों की रोशनी वापस लाने का झांसा देकर उससे दोस्ती की। उसके बाद मौका पाते ही गला काटकर हत्या कर दी। सिर नदी में व धड़ कुएं में फेंक दिया।दुनिया की नजर में उसे मृत समझा जाए इसके लिए अपना आधार कार्ड बैग में रख दिया।
घर की कुर्की बचाने के लिए पत्नी सहित अन्य स्वजन ने भी इसमें उसका साथ दिया। शव की पहचान विनोद के रूप में करके उसके बेटे से धड़ का अंतिम संस्कार करा दिया लेेकिन पहले ही दिन से कदकाठी को लेकर शक जता रही पुलिस ने शिकंजा कसा तो राज खुल गया।
सिउड़ी गांव निवासी विनोद शर्मा पर दुष्कर्म, मारपीट समेत कई प्राथमिकी दर्ज थी। उसे जेल भी भेजा गया था। जमानत पर छूटने के बाद वह न्यायालय में हाजिर नहीं हो रहा था। जिस वजह से उसका कुर्की वारंट तक जारी हो गया था।
उसकी पत्नी पूजा व बेटा आदित्य आदि दिल्ली चले गए थे। 17 नवंबर को गांव से कुछ दूर कुएं में एक युवक का धड़ मिला था। उसके पास से एक काले बैग में पावरबैंक, चंदन की डिब्बी, मोर पंख और नाम विनोद नाम के व्यक्ति के आधार की फोटोकापी मिली।
कुआं से कुछ दूर तक खून के निशान थे। अगले दिन पूजा ने पैर में बंधे धागे से पति के रूप में पहचान की थी।उसने गांव के ही ग्राम प्रशासक राजेश, उसके भाई योगेश, मुकेश, परिवार के शिवम, गौतम, नीरज, दिव्यांश, इंद्रपाल, जयचंद्र के खिलाफ रंजिशन हत्या की प्राथमिकी दर्ज करा दी थी।
गिरफ्तारी की मांग को लेकर जाम भी लगाया गया था। पुलिस ने अरिल नदी में सिर की तलाश की थी लेकिन पुलिस की जांच ने इस कहानी को पूरी तरह पलट दिया। जांच में पता चला कि कुएं में मिला धड़ विनोद का था ही नहीं। विनोद जिंदा है।
उसने पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए एक नेत्रहीन युवक की हत्या कर दी थी और उसका धड़ कुएं में फेंक दिया था, ताकि पुलिस को लगे कि विनोद की हत्या हो गई है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने यह खौफनाक साजिश रची।
उसने निगोही निवासी राजपाल जो कलान क्षेत्र में ही अक्सर देखा जाता था। उससे नजदीकियां बढ़ा ली थी। इसाके बाद उसकी हत्या कर दी। विनोद ने अपने आधार की फोटो कापी भी रख दी गई, ताकि पुलिस और गांव वाले यही मान लें कि मरा हुआ व्यक्ति विनोद ही है।
पत्नी की पहचान ने इस साजिश पर मुहर लगा दी थी लेकिन पुलिस शव की स्थिति पर शक हुआ। सिर गायब था, धड़ की बनावट और उम्र में अंतर लग रहा था। विनोद की इस साजिश में उसके करीबी भी शामिल है। जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
रोशनी वापस लाने का दिया था झांसा
जेल से छूटने के बाद विनोद साधु बनने का ड्रामा करने लगा। वह स्वयं को तंत्र विद्या का जानकार बताकर लोगों को ठगने भी लगा था। नेत्रहीन राजपाल को भी उसने यह कहकर झांसे में ले लिया था कि उसकी रोशनी वापस ला देगा। राजपाल का पत्नी से विवाद हो गया था।उसने उसकी आंखों में मिर्च फेंक दी थी। जिसके बाद से उसकी आंखाें की रोशनी चली गई थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।