फर्जी केस की धमकी देकर मांगे 50 लाख, व्यापारी ने CBI संग मिलकर रचा ऐसा चक्रव्यूह कि 12 लाख लेते पकड़े गए दो अफसर
शाहजहांपुर में दवा व्यापारी अमीन शुक्ला ने सीबीआई की मदद से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के दो सब इंस्पेक्टरों को 12 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाया।

एआई इमेज
HighLights
14 नवंबर को रिश्वत के लिए बुलाया, दो दिन पहले ही सीबीआइ हेड क्वार्टर शिकायत करने पहुंच गए दवा व्यापारी
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। भ्रष्टाचार को चुपचाप सहने की बजाय, उसके विरुद्ध आवाज उठाने की जरूरत है। पुवायां के कसभरा मुहल्ला निवासी दवा व्यापारी अमीन शुक्ला ऐसा ही किया। फर्जी प्रकरण में जेल भिजवाने की धमकी देने वाले नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के दो सब इंस्पेक्टर अजीत सिंह मीणा व सुमित कुमार को 12 लाख रुपये रिश्वत लेते सीबीआइ से रंगे हाथों पकड़वा दिया।
अमीन शुक्ला ने बताया कि वर्ष 2023 में उन्होंने लखनऊ की एक कंपनी से 77 हजार रुपये में पेट दर्द के 120 डिब्बे कैप्सूल खरीदे थे। इन दवाओं की एक्सपायरी 2025 तक थी, लेकिन उन्होंने 15 दिन के भीतर ही ये डिब्बे व्यापारियों को बिक्री कर दिए थे।
उन्हें नहीं पता था कि यही सौदा आने वाले दिनों में उनके लिए बड़ी मुसीबत बन जाएगा। दरअसल कंपनी से लिए गए कैप्सूल के बैच नंबर पर दिल्ली में दवाएं ली गई थीं, जिन्हें दिल्ली में एनसीबी की टीम ने पकड़ लिया था।
प्रतिबंधित दवाओं की खरीद-बिक्री की जांच एनसीबी कर रही थी। इसी जांच की आड़ में 16 जुलाई को अमीन के पास नोटिस भेजा गया। उन्होंने डाक के माध्यम से उसका जवाब भी भेज दिया। उन्हें लगा कि अब मामला खत्म हो जाएगा, लेकिन ऐसा हुआ नहीं।
आरोप है कि इसके बाद भी सात अक्टूबर को सब इंस्पेक्टर अजीत मीणा अपनी टीम के साथ पुवायां आ गए थे। अमीन पर उन लोगों ने प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री करने के मामले में फंसाने की धमकी दी।
अमीन ने बताया कि यह दौर बेहद कठिन था। एक तरफ दुकान और परिवार की चिंता, दूसरी तरफ जांच का दबाव।इस मामले से बचाने के नाम पर उनसे 50 लाख रुपये की मांग की जाने लगी।
इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो 25 लाख रुपये में मामला रफा दफा करने पर दोनों आरोपित राजी हो गए थे। अमीन ने बताया कि जब उन्होंने गलत किया नहीं तो कार्रवाई का भी डर नहीं था।
14 नवंबर को उन्हें रुपये लेकर दिल्ली बुलाया गया था लेकिन वह 12 नवंबर को ही पहुंच गए। सीधे सीबीआइ के हेड क्वार्टर में संपर्क किया। वहां उन्होंने अपने सारे साक्ष्य रख दिए।
नोटिस, जवाब की प्रति, बातचीत के प्रमाण आदि। सीबीआइ की टीम को अमीन की बात सही लगी। इसके बाद टीम ने अपने स्तर से गहनता से जांच की और पूरा जाल बिछाया। दो दिन के इस प्रयास में आखिरकार दोनों इंस्पेक्टर रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिए गए।
व्यापारी ने खुद दिए थे दो लाख रुपये
अमीन ने बताया कि वह आरोपितों के पास 12 लाख रुपये लेकर गए थे। जिसमे दो लाख रुपये जो असली थे वह खुद के थे। जबकि 10 लाख रुपये डमीी नोट थे जो सीबीआइ की टीम ने दिए थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।