Shahjahanpur: लखनऊ-पलिया हाईवे पर खत्म हुई खींचतान, 13.27 करोड़ से चकाचक होंगी पुवायां और खुटार की जर्जर सड़कें
लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुवायां और खुटार में जर्जर सड़कों की मरम्मत को लेकर एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी के बीच चल रही खींचतान खत्म हो गई है। एनएचएआई ने लोक निर्माण विभाग को 13.27 करोड़ रुपये दिए हैं।

खुटार-तिकुनिया बाइपास की जर्जर सड़क से निकलते वाहन चालक। जागरण
HighLights
लखनऊ पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुवायां व खुटार में अटका था काम
बाईपास निर्माण के बाद जर्जर सड़कों पर पीडब्ल्यूडी कराएगा निर्माण
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। लखनऊ पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुवायां व खुटार में सड़क मरम्मत को लेकर चल रही खींचतान खत्म हो गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने इन दोनों स्थानों पर बाईपास बनने के बाद जर्जर हुई सड़क पर निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्लयूडी) को 13.27 करोड़ रुपये दे दिए हैं। जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा।
वर्ष 2020 में लखनऊ से पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण को स्वीकृति मिली थी। 4584.687 करोड़ से बनने वाले इस हाईवे का काम दो वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन कोरोना, पेड़ों के कटान की अनुमति में देरी सहित विभिन्न कारणों से इसमें देरी होती गई।
लखनऊ से पलिया तक बन रहा यह हाईवे हरदोई व शाहजहांपुर से हाेकर निकला है। आबादी वाले क्षेत्रों में जहां पर सड़क को फोरलेन किया जाना संभव नहीं था, वहां पर बाईपास बनाए गए हैं, लेकिन निर्माण अभी पूरा नहीं सका है।
जिले में रामचंद्र मिशन क्षेत्र व शहर के अतिरिक्त पुवायां व खुटार में बाईपास बनाए गए। लखनऊ दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी इस राजमार्ग को कनेक्टिविटी दी गई, लेकिन इन निर्माण के बाद आबादी वाले क्षेत्रों में सड़कें जर्जर स्थिति में छोड़ दी गईं।
जिनकी मरम्मत व निर्माण को लेकर पीडब्लयूडी व एनएचएआइ में खीचतान मची हुई थी। एनएचएआइ के अधिकारी आबादी वाले क्षेत्र की इन सडकों को लोक निर्माण विभाग के अधिकार क्षेत्र में देने की बात कह रहे थे।
जबकि पीडब्लयूडी के अधिकारियों का कहना था कि बिना मरम्मत इन्हें नहीं लेंगे। दोनों विभागों के बीच सहमति न बनने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।
आए दिन इन जर्जर सड़ पर हादसे हो रहे थे, जिसकाे देखते हुए एनएचएआइ ने शहर में 22 करोड़ रुपये पीडब्ल्यूडी को सड़क की मरम्मत के लिए दिए। अब पुवायां व खुटार में कुल 10.400 किमी. लंबी सड़क की मरम्मत के लिए 13 करोड़ 27 लाख रुपये दिए हैं।
इसमें पुवायां में दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल से धारा गांव तक 6.4 किमी. व खुटार में बाईपास के पास तिकुनिया तक चार किमी. लंबी सड़क की मरम्मत कराई जाएगी।
पीडब्लयूडी के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता महेंद्र पाल ने बताया कि जल्द निविदा प्रक्रिया कराकर दोनों स्थानों पर काम शुरू कराएंगे। वहीं एनएचएआइ के सहायक अभियंता पुष्पेश यादव ने बताया कि लोक निर्माण विभाग को धनराशि दे दी गई है। शेष स्थानों पर भी जल्द सहमति बन जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।