जेल से बचने की खौफनाक साजिश: नेत्रहीन दोस्त को मारा, अपनी ही लाश बताकर करा दिया अंतिम संस्कार; 8 गिरफ्तार
शाहजहांपुर में एक व्यक्ति ने जेल से बचने के लिए अपने नेत्रहीन दोस्त की हत्या कर खुद को मृत साबित करने की खौफनाक साजिश रची। पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी विनोद शर्मा समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस हिरासत में विनोद के स्वजन और इनसेट में मृतक राजपाल का फाइल फोटो
HighLights
दोबारा जेल से बचने के लिए खुद को मृत साबित करना चाहता था आरोपित
दो परिचितों को सोने के सिक्के देने का लालच देकर घटना में लिया साथ
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। दोबारा जेल से बचने के लिए नेत्रहीन दोस्त राजपाल का हत्यारोपित विनोद, उसका साथी विकास, ओमपाल, पत्नी पूजा समेत आठ आरोपित गिरफ्तार कर लिया गया। हत्यारोपितों ने राजपाल की हत्या कर धड़ कुएं, जबकि सिर बदायूं में अटेवा घाट से नदी में फेंक दिया था। मंगलवार को विनोद ने घटना को स्वीकार कर लिया।
राजपाल के धड़ को पूजा ने अपने पति का बताकर अंतिम संस्कार कर दिया, ताकि पुलिस के रिकार्ड में विनोद मृत साबित हो जाए। विकास व ओमपाल सोने के सिक्कों के लालच में हत्याकांड में शामिल हुए थे। हत्यारोपित नेपाल भागने की फिराक में थे।
विनोद अपने स्वजन से मुख्यमंत्री से गुहार लगाकर नामजद किए गए ग्राम प्रशासक समेत सभी आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए कह रहा था लेकिन उससे पहले ही राजफाश हो गया।
सिउड़ी गांव निवासी विनोद शर्मा दुष्कर्म व मारपीट समेत चार केस दर्ज हैं। 10 महीने पहले दुष्कर्म के केस में जमानत मिली, तब से कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ। उसका कुर्की वारंट जारी हो चुका था।
जेल से बाहर आने के बाद विनोद खुद को तंत्र विद्या का जानकार बताकर ग्रामीणों को गुमराह करने लगा था। निगोही के ऐंठापुर गांव निवासी नेत्रहीन राजपाल भी उसके प्रभाव में आ गए थे।
कुछ दिन पहले विनोद ने कुर्की व दोबारा जेल से बचने के लिए खुद को मृत साबित करने का षड्यंत्र रचा। इसके लिए राजपाल को झांसा दिया कि तंत्र विद्या से आंखों की रोशनी लौटा देगा।
उनकी सहमति होने पर विनोद ने हत्या की योजना बनाई, मगर अकेले संभव नहीं था। ऐसे में उसने बदायूं निवासी परिचित विकास व ओमपाल को झांसा दिया। उनसे कहा कि उसके पास पीतल के 14 सिक्के हैं, जो किसी नेत्रहीन की बलि देने पर सोने में बदल जाएंगे।
बलि के लिए राजपाल का नाम सुझाया, जिस पर विकास व ओमपाल ने हामी भर दी। 14 नवंबर को राजपाल को कुएं के पास बुलाकर तीनों ने उनकी हत्या की। इसके बाद धड़ सूखे कुएं में फेंका, जबकि सिर थैले में छिपाकर बदायूं लेकर जाकर नदी में फेंक दिया।
17 नवंबर को कुएं में दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने पुलिस बुलाई तो कुएं से धड़ मिला। अगले दिन दिल्ली से आई विनोद की पत्नी पूजा ने धड़ अपने पति का बताते हुए ग्राम प्रशासक राजेश समेत नौ पर रंजिशन की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। धड़ का अंतिम संस्कार भी कर दिया।
इससे इतर, 18 ग्रामीणों का कहना था कि धड़ राजपाल का लग रहा, जो विनोद के साथ कई बार गांव आया था। यही से पुलिस का माथा ठनका। राजपाल के मोबाइल फोन का सिम बंद था, मगर आइएमईआइ नंबर 19 नवंबर को एक्टिवेट हुआ।
उनके फोन में नया सिम डाला गया था, जोकि बदायूं से खरीदा गया था। उस नंबर से कई बार विनोद के बेटे आदित्य को काल की गई थी। एएसपी ग्रामीण दिक्षा भंवरे ने बताया कि आदित्य से पूछताछ में राजफाश हो गया।
विनोद ने बदायूं में किसी अन्य के नाम से सिम कार्ड खरीदकर फोन किए थे, आदित्य ने उस नंबर को अपने फोन में नेहा के नाम से सेव किया ताकि किसी को शक न हो।
उसी नंबर की लोकेशन के आधार पर विनोद, फिर उसके दोनों साथियों को पकड़ा गया। विनोद की पत्नी पूजा, मां सुमिरता, बड़े भाई कुंवरपाल, बेटा आदित्य, कुंवरपाल का बेटा मनोज भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
दुष्कर्म आरोपित ने खुद को मृत दर्शाने के लिए नेत्रहीन दोस्त की हत्या की थी। षड्यंत्र में उसके स्वजन भी शामिल थे। उनको भी गिरफ्तार कर लिया गया। राजपाल के स्वजन से डीएनए परीक्षण भी कराया जाएगा।
- दिक्षा भंवरे, एएसपी ग्रामीण
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: आंखों की रोशनी लौटाने का झांसा देकर नेत्रहीन को मारा, बैग में छोड़ा अपना आधार; पुलिस ने ऐसे खोला राज
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।