अमीर बनने की चाहत में 'नटवरलाल' बन रहे युवा! कलर प्रिंटर से छाप रहे 500 के नकली नोट
शाहजहांपुर में युवा जल्द अमीर बनने की चाहत में नकली नोट छापने के धंधे में लिप्त हो रहे हैं। पिछले ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
जिले में बीते चार वर्षों में पकड़े जा चुके निकले नोट छापने के कई गिरोह, ज्यादातर युवा बन गए अपराधी
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। जिले में नकली नोट का यह कोई पहला मामला नहीं है। पुलिस कई गिरोह को पकड़ चुकी हैं लेकिन हर बार नया गिरोह फिर खड़ा हो जाता है। वजह एक ही है जल्द से जल्द अमीर बनने की चाहत। कम मेहनत में ज्यादा रुपये कमाने का लालच युवाओं को इस दलदल में धकेल रहा है।
पकड़े गए ज्यादातर आरोपी 19 से 32 वर्ष के बीच के युवा हैं। इनमें कोई फोटोग्राफर है, कोई पैथोलाजिस्ट, कोई टायर व्यापारी का बेटा तो कोई बेरोजगार युवक।
बीते तीन चार वर्षों में जिले में नकली नोट छापकर बाजार में खपाने के मामले तेजी से बढ़े हैं। पुलिस रिकार्ड बताता है कि ये गिरोह अब सिर्फ छोटे नोट नहीं, बल्कि 500-500 के नोटों की गड्डियां छापकर मेले, बाजार, मिठाई की दुकान और छोटे व्यापारियों को निशाना बना रहे हैं।
जहां भीड़ होती है, जहां नोट को ध्यान से देखने का समय नहीं होता, वहीं ये नोट खपाए जाते हैं। 23 जून 2025 को चौक कोतवाली पुलिस ने चार लाख 60 हजार रुपये के नकली नोटों के साथ मुरादाबाद के पैथोलाजिस्ट डाॅ. नफीस अहमद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।
गत वर्ष अक्टूबर में चौक कोतवाली के केरूगंज मुहल्ला निवासी टायर व्यापारी व उसके बेटे के विरुद्ध बरेली के इज्जतनगर थाने में नकली नोट खपाने के मामले में कार्रवाई हुई थी।
19 जून 2024 को चौक कोतवाली पुलिस ने ही 67 हजार 500 रुपये मूल्य के नकली नोटों के साथ लखनऊ के युवक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। ये लोग लखनऊ से शाहजहांपुर में नोट खपाने आए थे।
29 अक्टूबर 2023 को बरेली के गिरोह के दो सदस्य मीरानपुर कटरा के रामलीला मेले में मिठाई खरीदते पकड़े गए थे। इनके पास से 15 हजार रुपये के नकली नोट बरामद हुए थे।
सेहरामऊ दक्षिणी के जलालपुर गांव में एसओजी ने तीन लोगों को नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया था। रामचंद्र मिशन पुलिस ने पंथवारी गांव के तिराहे के पास एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था।
वह रोजा के बिलंदपुर गौटिया गांव का रहने वाला था और मठिया कालोनी में फोटो स्टेट की दुकान व कलर प्रिंटर के जरिये 500-500 के नकली नोटों की फोटोकापी कर रहा था।
यह भी पढ़ें- सैटेलाइट की नजर से नहीं बच सके किसान: पराली जलाने में यूपी के टॉप-10 जिलों में पहुंचा शाहजहांपुर, 55 हजार का जुर्माना