महंगी बाइक, नशे और रील-गेम की लत ने बिगाड़ा करियर: 23 से कम उम्र के लड़कों के कंधों पर तमंचा और दर्जनों केस
शाहजहांपुर में कम उम्र के युवा महंगी चीजों, नशे और मोबाइल गेम की लत के कारण अपराध की राह पर चल पड़े हैं। पुवायां मुठभेड़ में पकड़े गए 18-23 वर्ष के तीन आरोपितों सहित कई युवा अपराधियों पर दर्जनों मुकदमे हैं।

एआई इमेज
HighLights
पुवायां में मुठभेड़ में पकड़े गए तीनों आरोपितों की उम्र 23 वर्ष से भी कम, लूट सहित दर्ज हैं कई प्राथमिकी
अजयवीर सिंह, शाहजहांपुर। जो उम्र पढ़ने लिखने व करियर बनाने की है, उस उम्र में युवा रास्ता भटक रहे हैं। हाथ में तमंचा और थानों में लूट, छिनैती, चोरी, दुष्कर्म जैसे गंभीर प्राथमिकी दर्ज होने की लंबी सूची। एक दिन पहले पुवायां में मुठभेड़ में पकड़े गए लूट के तीन आरोपित भी 18 से 23 वर्ष के बीच है। तीनों गिरोह बनाकर रात में सुनसान सड़कों पर राहगीरों को लूटते थे।
पुलिस ने मुठभेड़ में इन्हें दबोचा तो पता चला कि तीनों पर पहले से लूट के कई मामले दर्ज हैं, जिसमे अर्पित नाम के आरोपित पर आठ प्राथमिकी दर्ज हैं। उसने सात माह में दूसरी बार पुलिस पर फायर कर किया।
पुलिस ऐसे अपराधियों को गोली मारकर सबक सिखा रही है। जो जेल भी जाते हैं लेकिन छूटने के बाद फिर अपराध के रास्ते पर पहुंच जाते हैं। दरअसल महंगी बाइक, मोबाइल, कपड़े और नशे का शौक इन्हें अपराध की ओर धकेल रहा है।
घर से जेब खर्च नहीं मिलता तो ये छोटी चोरी से शुरुआत करते हैं। फिर गिरोह बनाते हैं। इसी तरह पूर्व में हुईं अन्य मुठभेड़ में पकड़े गए अपराधियों की उम्र 18 से 25 वर्ष के बीच है।
इतनी कम उम्र में ही 10 या उससे भी अधिक प्राथमिकी दर्ज हैं। लूट, छिनैती, चोरी और दुष्कर्म जैसी घटनाओं को अंजाम देने वाले इन युवाओं को न कानून का डर है और न वर्दी का खौफ।
28 वर्ष की उम्र में गैग्सटर सहित 25 प्राथमिकी
सात नवंबर को रामचंद्र मिशन पुलिस ने लखीमपुर के बढ़खर गांव निवासी राजेश उर्फ कमती को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। उसके पैर में गोली लगी थी जबकि एक सिपाही भी घायल हो गया था।
राजेश पर 28 वर्ष की उम्र में गैंग्सटर सहित अलग-अलग थानों 25 प्राथमिकी दर्ज हैं। उसने रामचंद्र मिशन के बाड़ीगांव में नकब लगाकर चोरी की थी। वह लखीमपुर, बदायूं, शाहजहांपुर, सीतापुर आदि जिलों में भी घटनाएं कर चुका है।
सिंधौली पुलिस ने 11 जून को पीलीभीत के पिपरिया गांव निवासी रामचंद्र उर्फराम व जुड़वा भाई श्याम उर्फ श्यामू को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। दोनों के पैर में गोली लगी थी। 25 वर्षीय जुड़वा भाइयों पर गैंग्सटर सहित 20-20 प्राथमिकी दर्ज हैं।
यह दोनों लूट, चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे। सिंधौली के कलक्टरगंज निवासी हरिओम की पत्नी मिथिलेश के कानों के कुंडल नोच लिए थे। इसी तरह कई और बढ़ी घटनाओं में नाबालिग या फिर 25 वर्ष से कम आयु के आरोपित पकड़े जा चुके हैं।
अश्लील वीडियो देख किया दुष्कर्म
तिलहर में पांच नाबालिगों पर अगस्त में आठ वर्ष की बालिका को खेत में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगा था। सभी के विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी।
जो राजकीय किशोर गृह में बंद है। जांच में पता चला कि 15 व उससे भी कम उम्र के यह बच्चे मोबाइल में अश्लील वीडियो देखते थे। 18 सितंबर को सिंधौली के नियामतपुर गांव निवासी छात्र घर से 50 हजार रुपये लेकर भाग गया।
उसके साथ गांव के ही कक्षा नौ में पढ़ने वाले दो दोस्त भी थे। पुलिस ने तीनों को कौशांबी बस अडडे से बरामद किया था। तीनों मोबाइल में गेम खेलकर रुपये कमाने की लत से अपने ही घर में चोरी कर बैठे थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।