शाहजहांपुर में सांड से टकराई बाइक, तिलक से तीन दिन पहले युवक की मौत
शाहजहांपुर में मैरिज लान से लौट रहे वेटर नरेंद्र सिंह की बाइक सांड़ से टकरा गई, जिससे उनकी मौत हो गई। तीन दिन बाद उनका तिलक होना था, परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
मैरिज लान से लौटते समय सांड़ से टकराई बाइक।
नरेंद्र सिंह की मौत, तीन दिन बाद होना था तिलक।
बेसहारा पशुओं के कारण सड़कों पर बढ़े हादसे।
संवाद सूत्र, शाहजहांपुर। सड़कों पर घूमते बेसहारा पशुओं के कारण रविवार रात एक और जानलेवा हादसा हो गया। मैरिज लान से लौट रहे वेटर नरेंद्र सिंह की बाइक सांड़ से टकराई गई। सिर में गहरी चोट लगने से उनकी मौत हो गई। तीन दिन बाद उनका तिलक होना था।
परिवार में मांगलिक कार्यक्रम की तैयारियां चली थीं, मगर हादसे ने सबकुछ छीन लिया। सोमवार को उनके स्वजन व रिश्तेदार बिलख रहे थे...काश ! नरेंद्र ने हेलमेट लगाया होता तो शायद सिर में गहरी चोट से बच जाते।
भौना गांव निवासी नरेंद्र सिंह ठेकेदार के पास वेटर का काम करते थे। स्वजन ने बताया कि रविवार को वह मौसेरे भाई प्रेमशंकर के साथ खुदागंज में एक वैवाहिक समारोह में काम करने गए थे। देर रात दोनों लोग बाइक से घर लौट रहे थे। कटरा-खुदागंज मार्ग पर भौना गांव से आधा किमी पहले सड़क पर अचानक सांड़ आ गया।
बाइक चला रहे नरेंद्र को इसका आभास नहीं था। सांड़ उनकी बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों लोग छिटककर दूर जा गिरे। इसमें नरेंद्र की मौके पर मौत हो गई। घायल प्रेमशंकर को मीरानपुर कटरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार के लोगों ने बताया कि नरेंद्र की शादी तिलहर की युवती से तय हुई थी।
होली के बाद शादी होती। इसे पहले गुरुवार को सगाई हुई, तीन दिन बाद तिलक होना था। नरेंद्र के पिता छोटे लाल ने बताया कि रात एक बजे कुछ ग्रामीणों ने हादसे की सूचना दी। उस समय अधिकतर स्वजन सो चुके थे। सड़कों पर घूमते पशुओं के कारण परिवार की खुशियां छिन गईं।
नरेंद्र के बड़े भाई तुलाराम की बीमारी के कारण कुछ वर्ष पहले मौत हो चुकी। ग्रामीणों ने बताया कि खुदागंज मार्ग पर बेसहारा पशुओं के झुंड दिनरात घूमते हैं। कई बार ग्राम पंचायत के अधिकारियों से शिकायत की, मगर सुनवाई नहीं हुई। गोशालाएं खाली पड़ी हैं, जबकि पशु हाईवे व अन्य सड़कों पर घूम रहे। इस कारण एक वर्ष में 15 हादसे हो चुके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।