शाहजहांपुर में इंजीनियर ने रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर दी जान, पिता बोले- तनाव के चलते उठाया आत्मघाती कदम
शाहजहांपुर में नौकरी की तलाश कर रहे बीटेक इंजीनियर ने पिता के लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर जान दे दी।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
बीटेक इंजीनियर ने शाहजहांपुर में की आत्महत्या।
पिता के लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी।
परिजनों ने नौकरी के तनाव को बताया कारण।
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। बीटेक करने के बाद नौकरी की तलाश कर रहे इंजीनियर ने बुधवार रात पिता के लाइसेंसी रिवॉल्वर से स्वयं को गोली मारकर जान दे दी। स्वजन का कहना है कि तनाव में आकर यह कदम उठाया। उन्होंने एक दिन पूर्व बेटे की गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। पुलिस जांच कर रही है।
शहर की शास्त्रीनगर कॉलोनी निवासी प्रदीप शर्मा खुदागंज के संस्कृत महाविद्यालय में पढ़ाते हैं। उनके छोटे बेटे शाश्वत ने नोएडा के कॉलेज से एक वर्ष पूर्व बीटेक किया था। इसके बाद से वह नौकरी की तलाश कर रहा था। बुधवार को शाश्वत के बड़े भाई शिवांश की बेटी का नामकरण संस्कार था, जिसमें शामिल होने के लिए वह मंगलवार को नोएडा से निकले, लेकिन मुरादाबाद के पास बस खराब हो गई।
शिवांश ने स्वजन को रात में कॉल की तो बताया कि वह 30 किमी. तक पैदल चल चुके हैं। इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। कोई संपर्क न होने पर प्रदीप ने सदर थाने में बेटे की गुमशुदगी दर्ज करा दी। बुधवार दोपहर शाश्वत ने काल की और बताया कि वह थककर एक ढाबे पर सो गए थे, मोबाइल बंद हो गया था। इसके बाद स्वजन उन्हें घर ले आए।
रात में दावत के बाद घर के सदस्य बैठे आपस में बातचीत कर रहे थे। इस बीच शाश्वत ने कमरे में स्वयं को रिवाल्वर से गोली मार ली। उनको मेडिकल कालेज ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
प्रदीप शर्मा ने बताया कि बेटा कई दिन से तनाव में लग रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य है। नौकरी का कोई दबाव नहीं था। गुरुवार को चिकित्सक के पास ले जाने को थे। एएसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि फिलहाल सुसाइड नोट नहीं मिला है। अभी तक कोई अन्य कारण भी सामने नहीं आया है। जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।