'माता जी! क्या घर में नई बहू आई है?'... जब दरवाजे पर दस्तक देकर BLO पूछें ये सवाल, तो चौंकिएगा मत
शाहजहांपुर में निर्वाचन आयोग महिला मतदाताओं, विशेषकर नई बहुओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चला रहा है।

एआई इमेज
HighLights
महिला मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर
अंबुज मिश्र, शाहजहांपुर। माता जी...! क्या घर में नई बहू आई है ? 16 दिसंबर तक आपके दरवाजे पर आकर बूथ स्तरीय अधिकारी या राजनीतिक दलों बूथ लेवल एजेंट इस तरह का प्रश्न पूछें तो हैरान होने की जरूरत नहीं है।
दरअसल यह विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत निर्वाचन आयोग का जोर महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर है। इसमें उन महिलाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिनका जल्द ही विवाह हुआ है और ससुराल के बूथ की सूची नहीं है।
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआइआर) के दौरान जिले में पांच लाख से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से कट गए थे, जिनमें महिलाओं की संख्या पुरुषों की तुलना में सबसे ज्यादा कम हुई है।
इससे ईपी रेशियो का अंतर भी बढ़कर 50 से नीचे आ गया था। हालांकि दो नवंबर तक चले अभियान के दौरान 37 हजार नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए तो इसमें भी मामूली सुधार हुआ।

मगर, अब 16 दिसबर तक चलने वाले विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान निर्वाचन आयोग का विशेष जाेर महिला व युवा मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने पर है।
इसके लिए बीएलओ को ऐसी महिलाओं के फार्म छह भरवाने पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया है जिनकी नई शादी हुई है। इसके लिए घरों पर जाकर संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।
राजनीतिक दलों के बीएलए भी घरों पर जाकर नई बहुओं व 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के बारे में विशेष तौर पर जानकारी जुटाएंगे और उनके फार्म भरवाकर सूची में नाम शामिल कराएंगे।
भारतीय जनता पार्टी ने तो महिला व युवा मोर्चा के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी है। वहीं अन्य राजनीतिक दलों ने भी अपने बूथ अध्यक्षों व बीएलए को इस पर विशेष ध्यान देने को कहा है।
यह भी पढ़ें- सड़कों पर 'कट' मारने वाले ड्राइविंग सेंटर में फेल! शाहजहांपुर में आधे से ज्यादा आवेदक नहीं बना पा रहे लाइसेंस