विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शाहजहांपुर को बड़ी सौगात: लखनऊ की तर्ज पर बनेगा 2 एकड़ का ट्रैफिक पार्क, खेल-खेल में बच्चे सीखेंगे नियम

Published: Mon, 02 Nov 2026 06:30 PM (IST)

शाहजहांपुर में लखनऊ की तर्ज पर दो एकड़ में ट्रैफिक पार्क बनेगा, जहां बच्चे और अभिभावक यातायात नियमों को खेल-खेल ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. यातायात पुलिस ने डीएम के माध्यम से तैयार किया प्लान, प्रशासन उपलब्ध कराएगा भूमि

अजयवीर सिंह, शाहजहांपुर। अब तक बच्चे पार्कों में झूला झूलने और पिकनिक मनाने जाते थे, लेकिन जल्द ही पार्क उन्हें जिंदगी बचाने के गुर भी सिखाएगा। शहर में बढ़ते सड़क हादसों पर ब्रेक लगाने के लिए प्रशासन ने लखनऊ की तर्ज पर दो एकड़ में यातायात की पाठशाला तैयार करने के लिए ट्रैफिक पार्क बनाने का निर्णय लिया है।

यह कोई आम पार्क नहीं होगा, बल्कि यहां मम्मी-पापा की उंगली पकड़कर बच्चे सीखेंगे कि लाल बत्ती पर क्यों रुकना है, जेब्रा क्रासिंग का मतलब क्या है और हेलमेट क्यों है जान का रक्षक।

सड़क सुरक्षा के आंकड़े

अभी तक यह सुविधा लखनऊ समेत प्रदेश के चुनिंदा बड़े जिलों में ही उपलब्ध है। ऐसे में इस पार्क के बनने से शहर को एक बड़ी सौगात मिलेगी। पार्क के अंदर असली सड़कों जैसा ही नजारा होगा।

यहां छोटे-छोटे ट्रैफिक सिग्नल, जेब्रा क्रासिंग, स्पीड ब्रेकर, गोल चक्कर और सड़क किनारे लगने वाले सभी जरूरी संकेतों के माडल लगाए जाएंगे। इसके अलावा पार्क में स्कूल, अस्पताल और तीव्र मोड़ जैसे संवेदनशील स्थानों के लिए विशेष चेतावनी बोर्ड भी लगाए जाएंगे।

इन बोर्डों पर यह जानकारी होगी कि आगे स्कूल है तो गति धीमी करनी है। इससे लोग वास्तविक सड़कों पर इन संकेतों को आसानी से पहचान सकेंगे।

यातायातकर्मी की होगी तैनाती

प्रशासन का फोकस सबसे ज्यादा स्कूली बच्चों पर है। पार्क में नियमित रूप से प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग के विशेषज्ञ बच्चों को सरल भाषा में नियमों की जानकारी देंगे।।

यहां एक यातायातकर्मी नियमित तैनात रहेगा। जो न सिर्फ बच्चों को बल्कि पार्क में आने वाले हर व्यक्ति को सड़क सुरक्षा के टिप्स देगा। वह बताएगा कि गलत दिशा में वाहन चलाने से क्या खतरे हैं और सीट बेल्ट न लगाने से जान कैसे जोखिम में पड़ती है।

सीओ यातायात रनवीर सिंह ने बताया कि अक्सर हादसों की वजह नियमों की जानकारी न होना या उन्हें नजरअंदाज करना होता है। ट्रैफिक पार्क लोगों में यह समझ विकसित करेगा कि यातायात नियम कोई सजा नहीं, बल्कि सुरक्षा कवच हैं। उन्होंने बताया कि इस पार्क के शुरू होने के बाद स्कूलों की शैक्षिक भ्रमण की एक नई जगह भी बन जाएगी।

यह भी पढ़ें- खाद की किल्लत से मिलेगी राहत! यूपी के 10 जिलों में शुरू हुई ऑनलाइन बुकिंग, शाहजहांपुर बना नंबर 1

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।