इंस्टाग्राम पर वीडियो देख 15 साल के लड़के ने बहन से की दरिंदगी, भैयादूज पर वारदात को दिया अंजाम
शाहजहांपुर में इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक वीडियो देखने के बाद एक 15 वर्षीय किशोर ने अपनी चचेरी बहन के साथ दुष्कर्म किया।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
शाहजहांपुर में 15 वर्षीय किशोर ने चचेरी बहन से दुष्कर्म किया।
आरोपी ने इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक वीडियो देखने की बात कबूली।
मनोचिकित्सक ने मोबाइल उपयोग पर निगरानी की सलाह दी।
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक वीडियो देखने के बाद 15 वर्षीय किशोर ने अपनी चचेरी बहन के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के माता-पिता भैयादूज पर रिश्तेदारी में गए थे। आरोपित को पुलिस ने पकड़ लिया है।
सिंधौली के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि वह पत्नी व दो बच्चों को लेकर बुधवार को ससुराल गए थे। दो बेटियां घर में अपने दादा के पास रुक गईं थीं। गुरुवार को नौ वर्षीय बड़ी बेटी घर में खिचड़ी बना रही थी, जबकि उसके दादा खेत पर चले गए थे। छोटी बहन पड़ोस में चटनी लेने के लिए चली गई थी।
इसी बीच पड़ोस में रह रहा 15 वर्षीय तहेरा भाई घर में घुस आया। वह बेटी को अंदर वाले कमरे में खींच ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। शाम को जब माता-पिता घर लौटे तो बच्ची ने उन्हें पूरा घटनाक्रम बताया। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को बुला लिया।
प्रभारी निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि आरोपित को हिरासत में ले लिया गया है। उसने बताया कि वह इंस्टाग्राम आइडी चलाता है। कई दिनों से आपत्तिजनक वीडियो देख रहा था। जिस वजह से उसने इस तरह की घटना को अंजाम दे दिया।
मनोचिकित्सक की सलाह
मनोचिकित्सक संजीव सिंह ने बताया कि इस तरह की घटनाओं के पीछे मोबाइल, इंटरनेट मीडिया और अभिभावकों की अनदेखी बड़ा कारण बनता है। इस लिए बच्चों को मोबाइल देने से बचना चाहिए। यदि वह उसमें कुछ देख भी रहे हैं तो उस पर विशेष तौर पर नजर रखी जाए।
इंटरनेट मीडिया पर उन्हें आसानी से ऐसे वीडियो मिल जाते हैं, जिनसे उन पर गलत प्रभाव पड़ता है। बच्चों को घर में लंबे समय तक अकेला न छोड़ें। बच्चा अचानक चुप रहने लगे, गुस्सा करने लगे, अकेले में मोबाइल देखने लगे, पढ़ाई से मन हट जाए तो इसे हल्के में न लें। तुरंत बात करें और जरूरत पड़े तो मनोचिकित्सक से संपर्क करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।