विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाॅर रूम से होती रही निगरानी, उधर गड्ढे में फेंके मिले गोवंशों के शव; सल्लिया गोशाला की हालत देख भड़के गोसेवक

Published: Tue, 24 Nov 2026 10:29 PM (IST)

शाहजहांपुर की सल्लिया गोशाला में गंभीर लापरवाही सामने आई है, जहां गड्ढे में मृत गोवंशों के शव मिले और जीवित पशुओं की हालत भी खराब पाई गई। गोसेवकों ने इस अव्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

भावल खेड़ा विकासखंड बृहद गौशाला सल्लियां में पड़े गोवंश के शव। जागरण

भावल खेड़ा विकासखंड बृहद गौशाला सल्लियां में पड़े गोवंश के शव। जागरण

HighLights

  1. सल्लिया गोशाला में सामने आई लापरवाही, गोसेवकों ने की कार्रवाई की मांग

संवाद सहयोगी, रोजा (शाहजहांपुर)। भावलखेड़ा ब्लाक के सल्लिया गांव स्थित वृहद गोशाला में मंगलवार को गंभीर अव्यवस्थाएं सामने आईं। परिसर के एक गड्ढे में तीन गोवंशी पशुओं के शव पड़े थे। एक बछड़े का शव मिट्टी में दबा था, लेकिन उसका काफी हिस्सा कुत्ते नोच चुके थे। पहले दफनाए गए कुछ पशुओं के खुर भी जमीन से बाहर दिख रहे थे। परिसर में मृत पशुओं के अवशेष और सींग बिखरे थे।

गोशाला में 600 पशु संरक्षित हैं। उनकी देखभाल, चारे और अन्य व्यवस्थाओं पर हर महीने करीब 10 लाख रुपये खर्च होते हैं। पशुओं की देखरेख के लिए 16 गोपालक तैनात हैं, जिनमें दो का मानदेय ग्राम पंचायत देती है।

संचालन की जिम्मेदारी ग्राम विकास अधिकारी प्रवीण कुमार, प्रधान बबली देवी और पशु चिकित्सा अधिकारी अरविंद कुमार पर है। निगरानी के लिए लगे सीसीटीवी कैमरों से विकास भवन के वार रूम में नजर रखी जाती है।

परिसर में तीन गाय ऐसी मिलीं, जिनकी आंखें पक्षियों के हमले में फूट चुकी थीं। भारतीय हिंदू परिषद गो रक्षा प्रकोष्ठ की आपत्ति के बाद उन्हें सुरक्षित रखने की व्यवस्था की गई।

दो और पांच दिन के नवजात बछड़ों को बड़े गोवंशों के झुंड में रखा गया था, जिससे उन्हें चोट लग रही थी। उनके लिए अलग सुरक्षा नहीं थी। गोशाला संचालक सोनू कुमार ने कहा कि जुलाई के बाद से चारे और अन्य व्यवस्थाओं के लिए धनराशि नहीं मिली है।

वह करीब 27 लाख रुपये अपनी ओर से खर्च कर चुके हैं। गोपालकों को जुलाई का भुगतान कुछ दिन पहले किया गया। उनके अनुसार, खेतों का पानी गोशाला के कुछ हिस्सों में भरने से बाउंड्री की नींव के पास मिट्टी गीली होती है और कुत्ते मिट्टी खोदकर अंदर घुस जाते हैं।

गोसेवकों ने की कार्रवाई की मांग

भारतीय हिंदू परिषद गो रक्षा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने गोशाला की स्थिति पर नाराजगी जताई और कार्रवाई की मांग की। प्रकोष्ठ अध्यक्ष अंशुल यादव ने बताया कि गेट खुलवाने पर अंदर का दृश्य काफी खराब था।

दीपक ने पशुओं को जमीन में दफनाने की जांच की मांग की। राहुल ने कहा कि पशुओं की सुरक्षा के लिए जाल होने के बावजूद लापरवाही हुई है। गोसेवकों ने आरोप लगाया कि चार दिन से गोवंशों के आने और मृत्यु का विवरण दर्ज नहीं किया गया है।

कई पशुओं के कान में पहचान टैग भी नहीं थे। उनके अनुसार, एक सप्ताह में 10 से अधिक मौतों की बात सामने आई, जबकि मौके पर पांच ऐसे गोवंश मिले, जिनकी मृत्यु एक दिन पहले हुई थी।

उन्होंने डीएम कार्यालय के कंट्रोल रूम और मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय को सूचना दी। इस दौरान महानगर अध्यक्ष राहुल, अभिजित, रामवीर और अतुल रस्तोगी सहित अन्य गोसेवक मौजूद रहे।

 

पशु चिकित्सा अधिकारी डाॅ. अरविंद कुमार को गोशाला में बीमार गोवंशों के उपचार की जिम्मेदारी दी गई है। गोवंशों के संरक्षण, खानपान, देखभाल और मृत्यु होने पर सम्मानपूर्वक दफनाने समेत अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संचालक और ग्राम पंचायत की है। जिन गोवंशों के कान में टैग नहीं लगे हैं, उनकी जांच होगी।

- डाॅ. इंद्रजीत सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी

 

गोशाला में गोपालकों की लापरवाही सामने आई है। गंदगी और गोवंशों के अवशेष मिलने पर आपत्ति जताई गई है। लापरवाही करने वाले गोपालकों को हटाकर नए गोपालक रखने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। आगे इस तरह की लापरवाही न हो, इसके लिए भी ध्यान दिया जाएगा।

- प्रवीण कुमार, ग्राम विकास अधिकारी


यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: आंखों की रोशनी लौटाने का झांसा देकर नेत्रहीन को मारा, बैग में छोड़ा अपना आधार; पुलिस ने ऐसे खोला राज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।