देर रात प्रेमी संग पकड़े जाने के बाद किशोरी की संदिग्ध मौत, पिता ने लगाया परेशान करने का आरोप
एक गांव में देर रात प्रेमी के साथ पकड़ी गई किशोरी का शव कुछ देर बाद फंदे से लटका मिला। पिता ने प्रेमी पर बेटी को परेशान करने का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एआई इमेज
HighLights
पिता ने आरोपित पर लगाया बेटी को परेशान करने का आरोप, पैनल से कराया गया पोस्टमार्टम
संवाद सूत्र, कांट (शाहजहांपुर)। प्रेमी के साथ पकड़े जाने के कुछ देर बाद किशोरी की मृत्यु हो गई। शव घर से कुछ दूर नीम के पेड़ पर लटका मिला। नाबालिग आरोपित को मौके पर ही पकड़ लिया गया था। उसकी किशोरी के चचेरे भाई से मारपीट भी हुई थी। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें मृत्यु का कारण हैंगिंग बताया गया है।
किशोरी के पिता ने आरोपित पर बेटी को परेशान करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। कहा, परेशान होकर ही बेटी ने जान दे दी। 15 वर्षीय किशोरी का गांव के ही एक 17 वर्षीय किशोर से करीब छह माह से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
किशोरी के पिता ने बताया कि करीब तीन माह पहले इसके बारे में जानकारी हुई थी। तब आरोपित के पिता से शिकायत की थी, लेकिन आरोपित अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। जबकि वह बदनामी के डर से इस मामले में कार्रवाई कराने से बच रहे थे।
मंगलवार रात गांव में ही एक धार्मिक स्थल पर भजन कीर्तन हो रहे थे। किशोरी का चचेरे भाई भी वहां गया था। रात करीब एक बजे किशोरी को उसके प्रेमी के साथ घर से कुछ दूर देखा गया। कीर्तन सुन रहे भाई को जब इसकी जानकारी हुई तो वह मौके पर पहुंच गया।
उसने आरोपित को पकड़ लिया, जबकि किशोरी वहां से भाग गई। दोनों के बीच मारपीट हुई। शोर सुनकर तमाम लोग वहां पहुंच गए। आरोपित को किशोरी के स्वजन पकड़कर अपने घर ले गए। इसी बीच आरोपित के स्वजन को इसकी भनक लग गई।
उन्होंने पुलिस बुला ली। जिसके बाद आरोपित को पुलिस लेकर थाने चली गई। अंधेरे में काफी देर तक किशोरी की तलाश की गई। घर के पीछे से कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनाई दी। वहां जाकर देखा तो किशोरी का शव लटका मिला।
एएसपी सिटी देवेंद्र कुमार, सीओ सदर शुभम वर्मा भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना स्थल पर जांच करने के साथ ही दोनों के स्वजन से भी पूछताछ की। किशोरी के पिता ने आरोपित के विरुद्ध तहरीर दी। बताया कि आरोपित बेटी को आए दिन परेशान करता था।
उस पर बात करने का लगातार दबाव बना रहा था। बेटी ने इसके बारे में बताया तो आरोपित के स्वजन से भी आपत्ति जताई थी, लेकिन उन लोगों ने ध्यान नहीं दिया। परेशान होकर बेटी ने जान दे दी। एएसपी सिटी ने बताया कि जांच की जा रही है। उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।