विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जलालाबाद में जाम और हादसों पर लगेगा ब्रेक! कटरा-फर्रुखाबाद मार्ग पर मिनी बाइपास के लिए मिले ये दो नए रास्ते

Published: Fri, 27 Nov 2026 01:26 PM (IST)

जलालाबाद में कटरा-फर्रुखाबाद मार्ग पर भारी वाहनों के कारण लगने वाले जाम और बढ़ते हादसों से निजात पाने के लिए मिनी बाइपास बनाने की योजना पर विचार किया जा रहा है।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. कटरा-फर्रुखाबाद मार्ग पर भारी वाहनों से व्यापार हो रहा प्रभावित

  2. बाजार व घनी आबादी क्षेत्र के कारण हो रही है दिक्कत

संवाद सहयोगी, जलालाबाद (शाहजहांपुर)। कटरा-फर्रुखाबाद राज्य राजमार्ग पर प्रतिदिन लगने वाला जाम लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। बाजार व आबादी वाले क्षेत्र के बीच से निकले इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही से न सिर्फ हादसों का खतरा बना रहता है, बल्कि घंटों यातायात भी बाधित होता है।

इसी माह एक सप्ताह के अंदर तीन लोगों की जान भारी वाहनों से हुए हादसों के कारण गई। अगर मिनी बाइपास बना दिया जाए तो इन वाहनों का संचालन नगर के बाहर से होगा, जिससे जाम और दुर्घटनाओं पर रोक लगने के साथ स्थानीय व्यापारियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

इस हाईवे पर स्थित मुख्य चौराहे पर जाम की प्रमुख वजह खंडहर रोड पर रोडवेज बस स्टैंड और मंडी समिति का होना है। इसी मार्ग से बसें, ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रालियां गुजरती हैं।

खंडहर रोड जाने वाले टेंपो और ई-रिक्शा भी सड़क पर खड़े रहते हैं। बड़े वाहनों के एक-दूसरे को क्रास करने पर रास्ता संकरा हो जाता है। यातायात सुचारू करने के लिए पुलिस को कई बार पांच-पांच मिनट तक दोनों ओर के वाहनों को रोकना पड़ता है।

इससे मुख्य चौराहे तक लंबी कतार लग जाती है। यातायात संभालने के लिए दो पुलिसकर्मी और दो होमगार्ड तैनात हैं, फिर भी वाहनों के दबाव से जाम बना रहता है।

सुबह से देर शाम तक 400 मीटर लंबाई में वाहन रेंगते रहते हैं, जिससे स्थानीय व्यापारियों व आमजन को बड़ी परेशानी होती है। सीओ दीपक कुमार सिंह ने माना कि जाम के कारण हादसे भी हो रहे हैं। जल्द वाहनों के आवागमन को रोकने के लिए प्लान बनाया जाएगा।

एसडीएम मधुसूदन गुप्ता ने बताया कि नगर पालिका के ईओ को पुलिस के साथ मिलकर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। बड़े वाहनों के लिए बाइपास की व्यवस्था पर भी विचार किया जाएगा।

दो रास्तों से निकल सकते हैं भारी वाहन

कटरा से फर्रुखाबाद, बदायूं और हरदोई की ओर जाने वाले भारी वाहनों को नगर के बाहर से निकाला जाए। इसके लिए अतिबरा से गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड होते हुए उबरिया के निकट शाहजहांपुर फोरलेन तक रास्ता निकाला जा सकता है।

दूसरा विकल्प कटरा रोड पर मालूपुर रोड से कटकर ग्राम बगापुर और सुजावलपुर होते हुए शाहजहांपुर रोड पर विश्रामनगर के पास पहुंचने का है। इन रास्तों से भारी वाहनों का आवागमन शुरू होने पर नगर के अंदर यातायात का दबाव कम हो सकता है।

व्यापारियों का कहना है कि जाम के कारण खाद, बीज, मौरंग और सीमेंट समेत अन्य सामान का कारोबार प्रभावित हो रहा है। सड़क पर जाम की स्थिति रहने से ग्राहक अपने वाहन दुकानों के सामने नहीं रोक पाते और बिना खरीदारी किए आगे निकल जाते हैं।

एक सप्ताह में तीन युवकों की हादसों में मौत

नगर में भारी वाहनों की आवाजाही के बीच पिछले एक सप्ताह में तीन युवकों की सड़क हादसों में जान जा चुकी है। 12 नवंबर को ग्राम सरैया निवासी महेंद्र कठेरिया को अज्ञात ट्रक ने उस समय कुचल दिया, जब वह एक निजी अस्पताल में भर्ती अपने साले को कंबल देने जा रहे थे।

15 नवंबर की सुबह मार्निंग वाक पर निकले महेंद्र सिंह यादव को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

वहीं 18 नवंबर को सरैया मोड़ पर अज्ञात वाहन ने एक युवक को कुचल दिया था। उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। अभी तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर के तिलहर में सात वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म, बीड़ी मंगवाने के बहाने बुलाया घर, तलाश में जुटी पुलिस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।