हक की लड़ाई: जब सिस्टम से टकराईं दो बेटियां, खुलवा दिए बंद हॉस्टल के ताले और बदलवा दिया फीस का नियम
International Students' Day: स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय की छात्राएं बीना भारती और रीवा वर्मा ने हॉस्टल की बदहाली व फीस संबंधी समस्याओं के खिलाफ आवाज उठाई।

बीना भारती और रीवा शर्मा
HighLights
हॉस्टल की बदहाली और फीस से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए उठा रहीं आवाज
अजयवीर सिंह, शाहजहांपुर। हास्टल की बदहाली, फीस बढ़ोतरी और प्रवेश प्रक्रिया की अव्यवस्था जैसी समस्याओं पर स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में छात्रों को अपनी बात रखने का उचित माध्यम नहीं मिल रहा था। ऐसे में कुछ सक्रिय छात्राओं ने उनकी आवाज उठाने की पहल की।
इनमें हास्टल में रहने वाली लखीमपुर निवासी एलएलबी की छात्रा बीना भारती और एमए की छात्रा रीवा वर्मा शामिल हैं। दोनों छात्र-छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। उनका मानना है कि छात्रों की आवाज दबाने के बजाय सुनी जानी चाहिए।
अंतरराष्ट्रीय छात्र दिवस: दो माह पहले विश्वविद्यालय में पूरे वर्ष की फीस एक साथ जमा कराई जा रही थी। इससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के छात्रों को परेशानी हो रही थी। फीस जमा न कर पाने के कारण कई छात्र पढ़ाई छोड़ने की स्थिति में पहुंच गए थे।
बीना, रीवा और उनके सहपाठियों ने पहले कुलपति से बात की। समाधान नहीं निकला तो युवाओं की आवाज उठाने वाले रामजी अवस्थी के साथ परिसर में धरना-प्रदर्शन किया।
तीन बार धरना देने के बाद प्रशासन ने छात्रों की मांग मान ली और सेमेस्टर के हिसाब से फीस जमा कराने पर सहमति बनी। इससे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को राहत मिली।
छात्रवृत्ति सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी इन छात्राओं ने आवाज उठाई। शुरुआत में वे अकेली थीं, लेकिन धीरे-धीरे दूसरे छात्र-छात्राएं भी उनके साथ जुड़ते गए।
अब मुद्दों पर बैठकें और चर्चा होती हैं। ज्ञापन देने के साथ संवाद का रास्ता भी अपनाया जाता है। उनका मानना है कि संघर्ष का उद्देश्य केवल विरोध करना नहीं, बल्कि समाधान तक पहुंचना है।
हॉस्टल के खुलवाए ताले
वर्ष 2024 में बाढ़ के बाद हास्टल बंद कर दिया गया था और इसके निर्माण की बात कही गई थी। लंबे इंतजार के बाद भी ताले नहीं खुले तो बीना ने डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह से मिलकर स्थिति बताई।
उनके प्रयास के बाद छात्राओं को हास्टल में फिर रहने की अनुमति मिल गई। कुछ समय बाद वहां शुद्ध पानी न मिलने की समस्या सामने आई। समाधान न होने पर बीना ने फिर आवाज उठाई और डीएम को अवगत कराया।
इसके बाद समस्या का समाधान हुआ। आज बीना और रीवा विश्वविद्यालय में छात्र हितों की आवाज बन गई हैं। अंतरराष्ट्रीय छात्र दिवस पर उनकी पहल अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा है।
यह भी पढ़ें- सड़कों पर 'कट' मारने वाले ड्राइविंग सेंटर में फेल! शाहजहांपुर में आधे से ज्यादा आवेदक नहीं बना पा रहे लाइसेंस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।