कोहरे की मार: यूपी में छह पैसेंजर ट्रेनें एक दिसंबर से 28 फरवरी तक निरस्त
उत्तर रेलवे ने कोहरे के मौसम के कारण 1 दिसंबर से 28 फरवरी तक कई पैसेंजर ट्रेनें रद्द करने का निर्णय लिया है। शाहजहांपुर स्टेशन से संचालित होने वाली छह प्रमुख ट्रेनें भी इसमें शामिल हैं, जिससे दैनिक यात्रियों को आवागमन में परेशानी होगी।
-1795925465891_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
कोहरे के कारण उत्तर रेलवे ने ट्रेनें रद्द कीं।
1 दिसंबर से 28 फरवरी तक ट्रेनें निरस्त रहेंगी।
शाहजहांपुर की छह पैसेंजर ट्रेनें प्रभावित होंगी।
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। कोहरे के मौसम को देखते हुए उत्तर रेलवे मुख्यालय ने परिचालन व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कई पैसेंजर ट्रेनों को तीन महीने के लिए निरस्त करने का निर्णय लिया है।
बड़ौदा हाउस नई दिल्ली से जारी आदेश के तहत एक दिसंबर से 28 फरवरी तक मुरादाबाद मंडल की कुल दस पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी, जिनमें शाहजहांपुर स्टेशन से संचालित होने वाली छह प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं।
इस रूट पर होगी परेशानी
शाहजहांपुर से लखनऊ, बालामऊ और सीतापुर सिटी के बीच चलने वाले दैनिक यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। निरस्त की गई ट्रेनों में लखनऊ-शाहजहांपुर पैसेंजर, शाहजहांपुर-लखनऊ पैसेंजर, बालामऊ-शाहजहांपुर पैसेंजर, शाहजहांपुर-बालामऊ पैसेंजर, सीतापुर सिटी-शाहजहांपुर और शाहजहांपुर-सीतापुर सिटी शामिल हैं। इन ट्रेनों के बंद होने से रोजाना अप-डाउन करने वाले यात्रियों, छात्रों और व्यापारियों के सामने आवागमन का संकट खड़ा हो जाएगा।
मंडल की चार अन्य गाड़ियां भी प्रभावित
शाहजहांपुर की छह ट्रेनों के अलावा मुरादाबाद मंडल की चार अन्य पैसेंजर ट्रेनें भी इस अवधि में नहीं चलेंगी। इनमें लखनऊ-बालामऊ पैसेंजर, बालामऊ-लखनऊ पैसेंजर, बालामऊ-कानपुर सेंट्रल पैसेंजर और कानपुर सेंट्रल-बालामऊ पैसेंजर शामिल हैं। इसके साथ ही दिल्ली मंडल की 25 पैसेंजर ट्रेनें भी 28 फरवरी तक निरस्त रहेंगी।