अर्चना एक्सप्रेस के AC कोच से निकलने लगी चिंगारी, धुआं भरते ही मची चीख-पुकार; जान बचाने को कूदे यात्री
पटना से जम्मू जा रही अर्चना सुपरफास्ट एक्सप्रेस के एसी कोच में ब्रेक बाइंडिंग जाम होने से चिंगारी निकली और ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
ब्रेक बाइंडिंग जाम होने के कारण आई दिक्कत, कोच में भरा धुआं
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। आरपीएफ सिपाही की सजगता से हादसा टल गया। पटना से जम्मू जा रही अर्चना सुपरफास्ट एक्सप्रेस के एसी कोच बी-1 की ब्रेक बाइंडिंग जाम हो हो गई, जिससे उसमें चिंगारी निकलने लगी।
स्टेशन पर मौजूद सिपाही दौलतराम मीणा की नजर पड़ी तब तक ट्रेन स्टेशन से निकल चुकी थी, उनकी सूचना पर ट्रेन को रोका गया। इस बीच धुआं भरने पर आग की अफवाह से यात्री कोच से बाहर कूदने लगे। लोको पायलट ने तकनीकी दिक्कत दूर की। जिसके बाद ट्रेन काे आगे रवाना किया गया।
मंगलवार रात अर्चना सुपरफास्ट एक्सप्रेस जम्मू जा रही थी। तिलहर स्टेशन से ट्रेन रनथ्रू निकली तो वहां मौजूद आरपीएफ के सिपाही दौलराम मीणा ने देखा कि एक काेच में पहियों के पास से चिंगारी निकल रही है।
उन्होंने स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र कुमार को इस बारे में बताया। जिस पर कंट्रोल के माध्यम से लोको पायलट को सूचना दी गई। स्टेशन तीन किमी. आगे मलूकारापुर गांव के पास रोकी गई, तो एसी कोच में धुआं पहुंचने लगा।
इस बीच किसी ने आग लगने की अफवाह फैलाई तो यात्री कोच से नीचे कूदने लगे। तब तक लोको पायलट अंकित व राजेंद्र प्रसाद व गार्ड मो. शरीफ वहां आ गए। उन्होंने बताया कि तकनीकी खराबी है।
स्टेशन से दौलतराम मीणा सहित अन्य स्टाफ वहां पहुंच गया। लोको पायलट ने ब्रेक को सही किया। इसके बाद यात्रियों को कोच में बैठाया गया। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि ट्रेन को ब रेली के लिए रवाना कर दिया गया।
वहां पर कोच की जांच होगी। जरूरत पड़ने पर इसको अलग किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ट्रेन करीब 45 मिनट तक रुकी रही। इस दौरान बेगमपुरा एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस, वाराणसी-देहरादून एक्सप्रेस ट्रेनों को पीछे के स्टेशनों पर रोका गया।