संत कबीर नगर में यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के परीक्षार्थियों की संख्या में कमी, इस बार 52,917 छात्र होंगे शामिल
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी 2027 बोर्ड परीक्षा की समय सारिणी के बाद संत कबीर नगर ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 की समय सारिणी जारी हुई।
संत कबीर नगर में 2297 परीक्षार्थी इस बार घटे।
कुल 52,917 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे।
जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2027 की समय सारिणी जारी होने के बाद शिक्षा विभाग तैयारियों में जुट गया है। इस बार जिले में कुल 52,917 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार 2,297 परीक्षार्थी कम हो गए हैं। हालांकि, अभी जिले में परीक्षा केंद्रों की संख्या निर्धारित नहीं हुई है। विभाग की ओर से जल्द ही केंद्रों का निर्धारण किए जाने की उम्मीद है।
बोर्ड की ओर से जारी समय सारिणी के अनुसार, परीक्षा पांच फरवरी से 24 फरवरी तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा में अब करीब तीन माह का समय शेष रहने के कारण विद्यालयों में पाठ्यक्रम पूरा कराने की कवायद तेज हो गई है। प्रधानाचार्य और शिक्षक विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों की तैयारी कराने में जुटे हैं, ताकि समय रहते पाठ्यक्रम पूरा कराकर पुनरावृत्ति कराई जा सके।
पिछले वर्ष जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 55,214 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनके लिए जिले में 94 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। पिछले वर्ष बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित हुई थी। इस बार परीक्षार्थियों की संख्या घटकर 52,917 रह गई है। इस तरह पिछले वर्ष की तुलना में 2,297 परीक्षार्थी कम हो गए हैं।
280 माध्यमिक विद्यालयों में संचालित हो रही पढ़ाई
जिले में कुल 280 माध्यमिक विद्यालय हैं। इनमें 20 राजकीय विद्यालय, 34 अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय और 226 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं। इन विद्यालयों में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की संख्या में आई कमी को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, परीक्षार्थियों की संख्या घटने के कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें- UP: संतकबीरनगर के बगहिया वार्ड में सुविधाओं की कमी, बांस के सहारे पहुंच रही बिजली
जल्द निर्धारित किए जाएंगे परीक्षा केंद्र
जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार ने बताया कि अभी परीक्षार्थियों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों का निर्धारण जल्द कर दिया जाएगा। केंद्र निर्धारित होने के बाद परीक्षा संबंधी तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा।
