सर्दियों की आहट के साथ बखिरा झील में गूंजा विदेशी मेहमानों का कलरव, संतकबीरनगर पहुंचीं प्रवासी पक्षियों की टोली
सर्दियों की आहट के साथ संतकबीरनगर की बखिरा झील में विदेशी प्रवासी पक्षियों का आगमन शुरू हो गया है। वन ...और पढ़ें

HighLights
बखिरा झील में विदेशी प्रवासी पक्षियों का आगमन शुरू।
वन विभाग ने सुरक्षा हेतु चार टीमें तैनात कीं।
शिकारियों पर कड़ी नजर, ग्रामीणों से सहयोग अपील।
संवाद सूत्र, बखिरा। सर्दियों की आहट के साथ ही संतकबीरनगर जिले की प्रसिद्ध बखिरा झील विदेशी मेहमानों के कलरव से गुलजार होने लगी है। हजारों किलोमीटर की दूरी तय कर विभिन्न देशों से प्रवासी पक्षियों का यहां पहुंचना शुरू हो गया है। सुबह और शाम झील के जलक्षेत्र में पक्षियों के झुंड अठखेलियां करते नजर आ रहे हैं। पानी में तैरते और आसमान में उड़ते परिंदों का नजारा लोगों को आकर्षित कर रहा है। प्रवासी पक्षियों की आमद से झील की प्राकृतिक सुंदरता बढ़ गई है। हालांकि, इनके पहुंचने के साथ ही शिकारियों की सक्रियता की आशंका ने वन विभाग की चिंता भी बढ़ा दी है।
बखिरा झील प्रवासी पक्षियों के लिए महत्वपूर्ण प्राकृतिक आश्रय स्थल है। हर साल सर्दियों में देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में पक्षी यहां पहुंचते हैं। अनुकूल वातावरण, पर्याप्त जलक्षेत्र और भोजन की उपलब्धता के कारण ये पक्षी कई महीनों तक झील में प्रवास करते हैं। पक्षियों की अठखेलियां देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से प्रकृति प्रेमी और ग्रामीण भी पहुंचने लगे हैं।
शिकारियों पर नजर रखने के लिए चार टीमें गठित
प्रवासी पक्षियों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग ने निगरानी व्यवस्था मजबूत कर दी है। झील में छह-छह घंटे की शिफ्ट में चार टीमें तैनात की गई हैं। ये टीमें झील के अलग-अलग हिस्सों में लगातार भ्रमण कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। विशेष रूप से उन स्थानों पर निगरानी की जा रही है, जहां शिकारियों के पहुंचने की आशंका है। अवैध रूप से झील में प्रवेश करने और पक्षियों के शिकार का प्रयास करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी भी की गई है।
दिन-रात निगरानी से सुरक्षित रहेंगे विदेशी मेहमान
प्रवासी पक्षियों के आने का सिलसिला अभी जारी रहने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में झील में पक्षियों की संख्या और बढ़ सकती है। वन विभाग की टीमें दिन-रात निगरानी कर पक्षियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में जुटी हैं। विभाग की ओर से आसपास के ग्रामीणों से भी सहयोग की अपील की गई है, ताकि कोई शिकारी इन बेजुबान पक्षियों को निशाना न बना सके।
प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी झील
प्रवासी पक्षियों की बढ़ती संख्या के साथ ही बखिरा झील एक बार फिर प्रकृति प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बन गई है। सुबह के समय झील के ऊपर उड़ते पक्षियों के झुंड और पानी में तैरते परिंदों का दृश्य मनमोहक होता है। पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के लिहाज से भी इन प्रवासी पक्षियों का विशेष महत्व है। इनके संरक्षण में वन विभाग के साथ आमजन की सहभागिता भी जरूरी है।
क्षेत्रीय वन क्षेत्राधिकारी प्रीति पांडेय ने बताया कि बखिरा झील में प्रवासी पक्षियों का आगमन शुरू हो गया है। उनकी सुरक्षा को लेकर वन विभाग पूरी तरह सतर्क है। छह-छह घंटे की शिफ्ट में चार टीमें लगाई गई हैं, जो लगातार निगरानी कर रही हैं। शिकारियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पक्षियों के संरक्षण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि झील में आने वाले प्रवासी पक्षियों को नुकसान न पहुंचाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल वन विभाग को दें।