संतकबीर नगर में मौसम सूचक संयंत्र सक्रिय, बारिश का पहला अलर्ट जारी
संतकबीर नगर में मौसम सूचक संयंत्र ने काम शुरू कर दिया है, जिसने 30-31 अक्टूबर को बारिश और तेज हवाओं ...और पढ़ें

HighLights
मौसम सूचक संयंत्र ने संतकबीर नगर में काम शुरू किया।
30-31 अक्टूबर को बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी।
किसानों को कटी फसल और अनाज सुरक्षित रखने की सलाह।
संवाद सूत्र, मलौली, (संतकबीर नगर)। कृषि विज्ञान केंद्र बगही में स्थापित मौसम सूचक संयंत्र ने काम करना शुरू कर दिया है। संयंत्र से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर जिले में संभावित बारिश और मौसम में बदलाव का पहला अलर्ट जारी किया गया है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 30 अक्टूबर को जिले में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ने की आशंका है।
वहीं, 31 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सतर्क रहने और फसलों को नुकसान से बचाने के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 अक्टूबर को करीब 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। तेज हवाओं के साथ बारिश होने की आशंका को देखते हुए किसानों को अपनी उपज और फसलों की सुरक्षा के लिए पहले से तैयारी करने की जरूरत है।
कटी फसल और अनाज को सुरक्षित रखने की सलाह
कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. सीपीएन गौतम के नेतृत्व में वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि संभावित बारिश को देखते हुए खेतों में कटी हुई फसल, अनाज और भूसे को सुरक्षित स्थान पर रखें। खुले में रखे अनाज को तिरपाल से अच्छी तरह ढकें। नमी से बचाने के लिए अनाज को जमीन से ऊपर रखें, ताकि बारिश का पानी उसमें न पहुंच सके।
यह भी पढ़ें- संतकबीरनगर में करवा चौथ पर चंद्र दर्शन में बाधा, फिर भी सुहागिनों ने पूरी की पूजा
खेतों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखें
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की सलाह दी है, जिससे बारिश होने पर खेतों में पानी जमा न हो।
यह भी पढ़ें- खाट पर मरीज ढोने की मजबूरी होगी खत्म, संतकबीर नगर की बखिरा की बस्ती में 30 लाख की लागत से बनेगी सीसी सड़क व पुल
