विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खाट पर मरीज ढोने की मजबूरी होगी खत्म, संतकबीर नगर की बखिरा की बस्ती में 30 लाख की लागत से बनेगी सीसी सड़क व पुल

Published: Wed, 28 Oct 2026 03:25 PM (IST)

संतकबीर नगर के बखिरा स्थित बूंदीपार दलित बस्ती में 30 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क और पुल का ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. बखिरा की बूंदीपार दलित बस्ती में सड़क-पुल निर्माण।

  2. 30 लाख रुपये की लागत से होगा पक्की सड़क का निर्माण।

  3. मरीजों को खाट पर ढोने की मजबूरी अब होगी खत्म।

संवाद सूत्र, बखिरा। नपं बखिरा के वार्ड नंबर तीन स्थित बूंदीपार की दलित बस्ती के लोगों का दशकों पुराना इंतजार अब खत्म होने की उम्मीद जगी है। आजादी के बाद पहली बार बस्ती तक पक्की सड़क पहुंचने का रास्ता साफ हुआ है। करीब 30 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क और पुल का निर्माण कराया जाएगा। इससे बस्ती के लोगों को आवागमन की समस्या से निजात मिलेगी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब तीन वर्ष पहले बूंदीपार काली मंदिर से 100 मीटर आगे तक और दलित बस्ती की ओर 100 मीटर तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया था। लेकिन दोनों हिस्सों के बीच करीब 100 मीटर सड़क छोड़ दी गई थी। इससे बस्ती तक संपर्क मार्ग अधूरा रह गया।

रास्ता नहीं होने से लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती थी। बरसात के दिनों में स्थिति और बदतर हो जाती थी। किसी के बीमार पड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए खाट पर लादकर ले जाना पड़ता था।

नगरवासी बोले अब दूर होगी आवागमन की परेशानी

जवाहिर ने कहा सड़क और पुल निर्माण शुरू होने से हम सभी बहुत खुश हैं। वर्षों से बस्ती के लोग रास्ते की समस्या झेल रहे थे। बरसात में पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता था। निर्माण पूरा होने से बड़ी राहत मिलेगी।

प्रियंका देवी ने बताया कि आजादी के बाद से ही हमारी बस्ती में पक्के रास्ते की समस्या बनी हुई है। सड़क नहीं होने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को काफी परेशानी होती है। अब सड़क बनने से बस्ती के विकास को नई गति मिलेगी।

बूंदीपार निवासी अधरचंद ने कहा किसी के बीमार पड़ने पर उसे खाट पर लादकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता था। यह समस्या हमारे लिए बेहद दुखद थी। सड़क और पुल बनने से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में आसानी होगी।

वार्ड नंबर तीन निवासी चंद्रहास ने बताया तीन साल पहले सड़क निर्माण के दौरान बीच का हिस्सा छूट जाने से आवागमन की समस्या बनी रही। हम लोगों ने कई बार शिकायत की थी। अब निर्माण की पहल से उम्मीद जगी है कि जल्द ही परेशानी खत्म होगी।

नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। बूंदीपार की दलित बस्ती में सड़क और पुल बनने से लोगों को आवागमन की समस्या से राहत मिलेगी। करीब 30 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित निर्माण कार्य को पूरा कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।- चेयरमैन मो. अमिर अंसारी

नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। बूंदीपार की दलित बस्ती में सड़क और पुल निर्माण से स्थानीय लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। निर्माण कार्य में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का ध्यान रखने का प्रयास किया जाएगा।- अधिशासी अधिकारी (ईओ) सीमा राय नपं बखिरा

यह भी पढ़ें- संतकबीरनगर में एंटी रोमियो टीम ने महिलाओं को सिखाए आत्मरक्षा के गुर, अधिकारों की दी जानकारी