संतकबीर नगर में 23 आउटसोर्स कर्मियों के चेहरे पर लौटी मुस्कान, फिर मिलेगा काम का मौका
संतकबीरनगर में 55 वर्ष की आयु पूरी होने पर काम से हटाए गए बिजली निगम के 23 आउटसोर्स कर्मियों को ...और पढ़ें
-1791820336696_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
55 वर्ष पर निकाले गए 23 आउटसोर्स कर्मियों को राहत।
सरकार ने कार्य आयु सीमा 55 से बढ़ाकर 60 की।
संतकबीरनगर के बिजली कर्मियों को दोबारा मिलेगा रोजगार।
जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। उम्र 55 वर्ष होते ही काम से बाहर कर दिए गए बिजली निगम के 23 आउटसोर्स कर्मियों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश सरकार की ओर से कार्य करने की अधिकतम आयु सीमा 55 से बढ़ाकर 60 वर्ष किए जाने से इन कर्मचारियों को दोबारा काम मिलने की उम्मीद जगी है। कई वर्षों तक विभाग में सेवाएं देने के बाद अचानक रोजगार छिनने से इनके सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया था। अब आयु सीमा बढ़ने से इनके घरों में फिर से खुशियां लौटने की आस बंधी है।
बिजली निगम में आउटसोर्स के माध्यम से विभिन्न पदों पर करीब 112 कर्मचारी कार्यरत थे। पिछले दो वर्षों में 23 कर्मचारियों को 55 वर्ष की आयु पूरी होने के कारण काम करने से रोक दिया गया था। कर्मचारियों के मुताबिक, उनकी आईडी बंद कर दी गई थी, जिससे वे विभागीय कार्य नहीं कर पा रहे थे। अब सरकार के फैसले से उन्हें दोबारा काम करने का अवसर मिलने की उम्मीद है।
कम वेतन के बीच रोजगार छूटने से बढ़ी परेशानी
खलीलाबाद डिवीजन में कार्यरत बलिराम ने बताया कि कई वर्षों तक बिजली विभाग में सेवाएं देने के बावजूद वेतन से घर का खर्च चलाना मुश्किल था। ऐसे में 55 वर्ष की उम्र पूरी होने पर काम बंद कर दिए जाने से उनकी परेशानी और बढ़ गई। अब आयु सीमा में पांच वर्ष की वृद्धि होने से दोबारा काम मिलने का रास्ता खुलने की उम्मीद है। उन्होंने सरकार के इस फैसले को सराहनीय बताया।
अधिकारियों के फोन आने से जगी उम्मीद
संतलाल ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि वे लंबे समय तक बिजली विभाग में काम करते रहेंगे, लेकिन 55 वर्ष की आयु पूरी होने पर काम बंद कर दिया गया। अब आयु सीमा बढ़ने के बाद विभागीय अधिकारियों की ओर से काम पर लौटने के लिए फोन आने लगे हैं। इससे उन्हें दोबारा रोजगार मिलने की उम्मीद बंधी है।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि कार्य करने की अधिकतम आयु सीमा 60 वर्ष कर दी गई है। ऐसे में 55 वर्ष की आयु पूरी होने के कारण काम से बाहर किए गए कर्मचारियों को दोबारा काम करने के लिए बुलाया जाएगा।
