विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर संतकबीर नगर के युवाओं से ठगी, मलेशिया पहुंचते ही जेल पहुंचे पीड़ित

Published: Sun, 11 Oct 2026 10:07 PM (IST)

संतकबीर नगर के धनघटा क्षेत्र के कई बेरोजगार युवकों को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी।

  2. युवकों को मलेशिया एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर जेल भेजा।

  3. पैसे वापस मांगने पर मिली जान से मारने की धमकी।

जागरण संवाददाता, धनघटा। विदेश में अच्छी नौकरी और बेहतर भविष्य का सपना दिखाकर बेरोजगार युवकों से लाखों रुपये ठगने का आरोप लगाया गया है। पीड़ितों का कहना है कि विदेश भेजने के नाम पर उनसे रकम और पासपोर्ट लिए गए। मलेशिया पहुंचने पर एयरपोर्ट से ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और तीन दिन जेल में रहना पड़ा। स्वदेश लौटने के बाद दोबारा विदेश भेजने का झांसा देकर उनसे रुपये मांगे गए। रकम वापस मांगने पर जानमाल की धमकी देने का भी आरोप है। पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।

धनघटा क्षेत्र के हैंसर बाजार निवासी मोहम्मद फैजान पुत्र अख्तर हुसैन, मोहम्मद आमिर पुत्र मोहम्मद अमीन खान और शाबिर हुसैन पुत्र अलीउद्दीन ने प्रार्थनापत्र में आरोप लगाया कि सोनाड़ी गांव के एक व्यक्ति ने उनकी मुलाकात बस्ती जिले के अगौना निवासी युवक से कराई थी। उसने विदेश भेजकर अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद युवकों को बकौली कला स्थित एक ट्रेडिंग कंपनी के कार्यालय ले जाया गया, जहां उनके पासपोर्ट ले लिए गए।

पीड़ितों के अनुसार, जून 2026 के बाद ट्रेडिंग कंपनी के संचालक ने मोहम्मद आमिर और फैजान से अलग-अलग किस्तों में आनलाइन एक लाख दो हजार रुपये लिए। कई बार स्कैनर भेजकर भी रुपये मंगाए गए। दोनों से 32,500 रुपये नकद लेने का भी आरोप है। शाबिर हुसैन से दो गवाहों की मौजूदगी में अलग-अलग किस्तों में एक लाख 35 हजार रुपये लेने की बात कही गई है।

मलेशिया पहुंचते ही एयरपोर्ट पर गिरफ्तारी
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि इसी तरह अन्य नौ युवकों से भी रुपये वसूले गए। ट्रेडिंग कंपनी के संचालक ने 23 जून को सभी को मलेशिया भेजा, जहां एयरपोर्ट पर उतरते ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। तीन दिन जेल में रहने के बाद 26 जून को रिहा होकर सभी स्वदेश लौट आए। आरोप है कि इसके बाद दोबारा विदेश भेजने के नाम पर युवकों को देश के अलग-अलग शहरों में करीब 60 दिनों तक घुमाया गया और फिर सभी से दस-दस हजार रुपये मांगे गए। शाबिर हुसैन ने दोबारा दस हजार रुपये दिए, लेकिन किसी युवक को विदेश नहीं भेजा गया।

रकम मांगने पर धमकी का आरोप
युवकों का आरोप है कि नौकरी के नाम पर ली गई रकम वापस मांगने पर ट्रेडिंग कंपनी का संचालक उन्हें लगातार धमकी दे रहा है। पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच, आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है।

पीड़ितों के प्रार्थनापत्र की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।- अजय कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक

यह भी पढ़ें- 300 लड़कों के बीच अकेली दौड़कर यूपी की अंजनी ने मिनी मैराथन में जीता था गोल्ड, अब शिक्षा के लिए लड़ रही हैं जंग