संतकबीरनगर में बेटे-पत्नी को बचाने आए पिता की पीट-पीटकर हत्या, पड़ोसी रंजिश का आरोप
संतकबीरनगर के खलीलाबाद में एक भोजनालय में पड़ोसियों ने बेटे और मां से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे 58 वर्षीय ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
खलीलाबाद में भोजनालय में 58 वर्षीय व्यक्ति की हत्या।
बेटे और मां को बचाने पहुंचे पिता को पीटा गया।
पड़ोसियों पर व्यवसायिक रंजिश में हत्या का आरोप।
जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। खलीलाबाद के रेलवे स्टेशन पुरवा मोहल्ले में शुक्रवार की देर रात एक भोजनालय में 58 वर्षीय अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि भोजनालय में घुसकर पड़ोसियों ने पहले बेटे और उसकी मां के साथ मारपीट की गई।
शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे पिता को हमलावरों ने जमीन पर पटककर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
रेलवे स्टेशन पुरवा निवासी शिवम जायसवाल का मोहल्ले में जायसवाल भोजनालय है। शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे वह अपनी मां के साथ भोजनालय में बैठे थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी महेंद्र जायसवाल, अमरनाथ जायसवाल, रिंकू जायसवाल और शिवकुमार जायसवाल एकजुट होकर दुकान में घुस आए।
आरोप है कि चारों ने गाली-गलौज करते हुए शिवम और उनकी मां के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर शिवम के पिता चिरंजीव लाल जायसवाल मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। आरोप है कि इस पर हमलावरों ने उन्हें भी निशाना बनाया। चारों ने उन्हें जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से पीटने लगे।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे से जुड़ना हुआ दूभर, गड्ढों में तब्दील हुआ डिहवा-पिड़िया मार्ग; उठने लगे सवाल
गंभीर चोट लगने से चिरंजीव लाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। शिवम ने आरोप लगाया कि पड़ोसी व्यवसाय में बिक्री को लेकर उनसे जलन रखते थे। इसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया।
