'मुझे गलत फंसाया गया...' न्याय मांगने के लिए 24 घंटे में दो बार मोबाइल टॉवर पर चढ़ा युवक, संतकबीरनगर में मची सनसनी
संतकबीरनगर में एक युवक ने सोमवार शाम मेंहदावल और मंगलवार सुबह खलीलाबाद बाईपास पर मोबाइल टावर पर चढ़कर पुलिस को ...और पढ़ें

टॉवर पर चढ़ा युवक। जागरण
HighLights
युवक सोमवार को मेंहदावल में मोबाइल टावर पर चढ़ा था।
मंगलवार सुबह खलीलाबाद बाईपास पर फिर टावर पर चढ़ गया।
गलत मुकदमे में फंसाने का आरोप, पुलिस पूछताछ कर रही है।
जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। मेंहदावल कस्बे में गत सोमवार शाम मोबाइल टावर पर चढ़कर करीब दो घंटे तक पुलिस को परेशान करने वाले युवक की हरकत बंद होने का नाम नहीं ले रही है। यह युवक मंगलवार को सुबह खलीलाबाद बाईपास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उसके टावर के ऊपरी हिस्से पर पहुंचने की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर बुलाई गई। पुलिस टीम ने लगातार समझा-बुझाकर उसे सुरक्षित नीचे उतारा।
बेलहरकलां ब्लाक के परसिया गांव निवासी प्रभुनाथ गत सोमवार को शाम मेंहदावल कस्बे में एक मिठाई की दुकान के सामने स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। करीब दो घंटे तक वह टावर पर बैठा रहा। पुलिस और भाजपा नेता के समझाने के बाद वह नीचे उतरा था। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई और पूछताछ कर छोड़ दिया। यह युवक मंगलवार को सुबह करीब सात बजे खलीलाबाद बाईपास के पास फिर मोबाइल टावर के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गया। इसकी जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने लोगों को टावर से दूर करते हुए युवक को सुरक्षित उतारने का प्रयास शुरू किया। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर बुला ली गई। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे सुबह करीब 11 बजे किसी तरह युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कोतवाली खलीलाबाद थाने पर ली गयी। कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश दुबे ने बताया कि टावर पर चढ़ा युवक वही है, जो सोमवार को मेंहदावल कस्बे में टावर पर चढ़ा था। बहरहाल पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
मोबाइल टॉवर पर चढ़ने का यह है कारण
इस युवक के मोबाइल टाॅवर पर चढ़ने के पीछे मुख्य कारण यह बताया जा रहा है कि लड़की भगाने के एक मामले में बेलहर पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। जिसकी जमानत कराने के लिए वह गत सोमवार को मेंहदावल तहसील आया था।
यह भी पढ़ें- संतकबीर नगर में केस दर्ज करने को लेकर विधायक और थानेदार में तीखी नोकझोंक, DM के हस्तक्षेप से सुलझा मामला
उसका कहना था कि उसने ऐसा अपराध नहीं किया। इस प्रकरण से उसका कोई लेना-देना नहीं है। उसे गलत फंसाया गया है। उसने पुलिस पर मारने-पीटने का भी आरोप लगाया है। उसकी मांग है कि गलत मुकदमें में फंसाने वालों पर मुकदमा दर्ज किया जाए।
