संतकबीर नगर में केस दर्ज करने को लेकर विधायक और थानेदार में तीखी नोकझोंक, DM के हस्तक्षेप से सुलझा मामला
संतकबीर नगर के मेंहदावल थाने में विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी और प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह के बीच केस दर्ज ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
विधायक अनिल त्रिपाठी और थानेदार में हुई तीखी नोकझोंक।
बेलौली गांव विवाद में एक पक्ष का केस दर्ज होने पर हंगामा।
डीएम और एसपी के हस्तक्षेप से मामला शांत, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर।दो दिन पूर्व बेलौली गांव में दो पक्षों में हुए विवाद के मामले को लेकर मंगलवार को विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी मेंहदावल थाने पर पहुंच गए। मामले में एक पक्ष का ही मुकदमा दर्ज होने को लेकर उन्होंने पुलिस पर पक्षपात करने का आरोप लगाया। इसे लेकर थाने पर प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह के साथ विधायक की नोकझोंक हुई।
विधायक ने डीएम और एसपी को मामले की जानकारी देते हुए मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। डीएम द्वारा मोबाइल पर कार्रवाई के आश्वासन पर विधायक थाने से वापस लौटे। मेंहदावल के ग्राम बेलौली निवासी हनुमान चौधरी ने गांव के पांच लोगों के विरुद्ध तहरीर दी थी। आरोप है कि बेलौली स्थित मंदिर की भूमि पर बोई गई बाजरे की फसल चोरी से काटकर उन लोगों ने पशुओं को खिला दिया।
शिकायत करने पर मारपीट पर उतारू हो गए। पुलिस ने सोमवार को पांचों आरोपितों पर केस दर्ज किया। दूसरे पक्ष की बिंदू देवी ने भी थाने में तहरीर देकर हनुमान चौधरी और उनके भाई समेत कुछ लोगों पर मारने पीटने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। दूसरे पक्ष ने विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी से शिकायत की। विधायक ने कहा कि पीड़ित पक्ष का मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
दूसरे पक्ष का मुकदमा फर्जी तरीके से दर्ज किया गया। डीएम एसपी से वार्ता हुई, जिसके बाद उन्होंने सीओ यातायात को मामले की जांच सौंपी है। किसी की गिरफ्तारी नहीं होगी यह भी आश्वासन दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में जांच के लिए तीन दिन का समय लिया गया है। जांच में दूसरे पक्ष के आरोप सही मिले तो उनका मुकदमा भी पंजीकृत किया जाएगा।
