संत कबीर नगर में किन्नर समाज ने जगाई भक्ति की अलख, छह वर्षों से सजा रहा मां का दरबार
संत कबीर नगर के धनघटा में किन्नर समाज पिछले छह वर्षों से दानी नाथ मंदिर परिसर में मां दुर्गा की ...और पढ़ें
-1792063952228_m.webp)
HighLights
किन्नर समाज छह वर्षों से कर रहा दुर्गा पूजा का आयोजन।
गुरु मां स्वीटी किन्नर की अगुवाई में भक्ति और श्रद्धा।
सामाजिक समरसता और धार्मिक सद्भाव का अनूठा उदाहरण।
विरेन्द्र प्रताप, शनिचरा बाजार। धनघटा क्षेत्र में किन्नर समाज धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल पेश कर रहा है। यहां दानी नाथ मंदिर परिसर में किन्नर समाज की ओर से पिछले छह वर्षों से लगातार मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। गुरु मां स्वीटी किन्नर की अगुवाई में उनकी सेविका-शिष्याएं पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ मां की आराधना में जुटी हैं। पंडाल में प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचकर मां के दर्शन-पूजन कर रहे हैं। क्षेत्र में यह पंडाल चर्चा और आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
गुरु मां स्वीटी किन्नर बताती हैं कि छह वर्ष पूर्व जीवन के कठिन दौर में वह दुखी और निराश थीं। इसी दौरान उनके मन में मां दुर्गा का पंडाल स्थापित करने का विचार आया। मां की आराधना से उन्हें कठिन परिस्थितियों में आशा और संबल मिला। धीरे-धीरे यह पहल धार्मिक परंपरा का रूप लेती गई। अब हर वर्ष नवरात्र में श्रद्धालु उत्साह के साथ आयोजन में शामिल होते हैं।
किन्नर समाज की यह पहल केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव का संदेश भी दे रही है। पिंकी किन्नर ने बताया कि इस आयोजन से उनमें धार्मिक कार्यों के प्रति आस्था और समर्पण की प्रेरणा मिलती है। इससे उन्हें आत्मिक शांति और संतोष की अनुभूति होती है।
सामाजिक समरसता का सुंदर उदाहरण
पंडित रामशंकर दुबे, पुजारी ने कहा कि किन्नर समाज ने धार्मिक आयोजन के माध्यम से भक्ति और आस्था की अनूठी मिसाल पेश की है। वह भी कई वर्षों से यहां मां के दर्शन करने आते हैं। यह पहल धार्मिक सद्भाव और सामाजिक समरसता का सुंदर उदाहरण है।
श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा पंडाल
श्रद्धालु आदित्यनाथ सैनी ने बताया कि समाज के सभी वर्गों को आस्था के सूत्र में जोड़ने का प्रयास सराहनीय है। दुर्गा पूजा शुरू होने के बाद से वह लगातार यहां मां का आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं। दानी नाथ मंदिर परिसर में सजा मां दुर्गा का भव्य पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
