विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चने की खेती से दोहरा लाभ: किसानों की आमदनी में वृद्धि, प्रगतिशील किसान गोविंद प्रताप बने मिसाल

Published: Mon, 16 Nov 2026 04:25 PM (IST)

संतकबीरनगर के किसान चने की खेती से दोहरा लाभ कमा रहे हैं, जिससे उनकी सेहत और आमदनी दोनों में सुधार हो रहा है।

हैंसर बाजार ब्लाक के मलौली गांव के किसान गोविंद प्रताप चतुर्वेदी के खेत में पिछले वर्ष की चना फसल की फाइल फोटो। स्वयं किसान

हैंसर बाजार ब्लाक के मलौली गांव के किसान गोविंद प्रताप चतुर्वेदी के खेत में पिछले वर्ष की चना फसल की फाइल फोटो। स्वयं किसान

HighLights

  1. चने की खेती से किसानों को दोहरा लाभ मिल रहा।

  2. गोविंद प्रताप चतुर्वेदी बने प्रगतिशील किसान की मिसाल।

  3. वैज्ञानिक विधि और आधुनिक उपकरणों का प्रयोग करें।

दिलीप पाण्डेय, संतकबीरनगर। केवल धान, गेहूं की खेती करने वाले किसानों को आमदनी बढ़ाने के लिए उन्नत किस्म का बीज, कृषि वैज्ञानिक के दिशा-निर्देशन में सही तकनीक से चने की खेती करनी चाहिए। इससे उनकी सेहत और आमदनी दोनों ठीक रहेगी।

हैंसर बाजार ब्लाक के मलौली गांव निवासी प्रगतिशील किसान गोविंद प्रताप चतुर्वेदी इसके उदाहरण हैं। वह इस वर्ष एक हेक्टेयर में चने की खेती वैज्ञानिक विधि से कर रहे हैं। उनका यह प्रयास क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायक है।

हैंसर बाजार व पौली दो ब्लाकों में अधिक किसान कर रहे इसकी खेती

जनपद के सात में से हैंसर बाजार व पौली दो ब्लाकों में चने की खेती करने वाले किसानों की संख्या अधिक है। हैंसर बाजार ब्लाक के मलौली गांव के गोविंद प्रताप चतुर्वेदी, बड़गो के अनिल राय, रमेश राय व रामसागर राय, भंडा गांव के देव प्रसाद मौर्य, चंद्रकांत मणि व सच्चिदानंद पाण्डेय, पौली ब्लाक के बुजुर्गवार गांव के कमलनाथ यादव, मोहम्मदपुर गांव के सुरेश नायक, पौली गांव के अशोक कुमार, पिड़ारी गांव के दुर्गेश कुमार चने की खेती कर रहे हैं। वहीं बेलहरकला ब्लाक के भरवलिया बाबू गांव के राजेश कुमार सिंह के अलावा अन्य ब्लाकों के गांवों के किसान चने की खेती कर रहे हैं।

सामान्य व काबुली चने की खेती के लिए ये हैं उन्नत किस्में

चना प्रोटीन का अच्छा स्रोत होने के साथ ही मिट्टी की उर्वरता शक्ति बढ़ाने में मदद करता है। इसकी जड़ों में पाए जाने वाले राइजोबियम जीवाणु नाइट्रोजन को मिट्टी में उपलब्ध कराने में सहायक होते हैं। इससे अगली फसल को भी लाभ मिलता है। चने की खेती के लिए अच्छी जल निकासी वाली दोमट मिट्टी उपयुक्त मानी जाती है।

बेड प्लांटर से बोआई करनी चाहिए। सामान्य चने की खेती के लिए के-850, केडब्ल्यूआर-108, केपीजी-59, पूसा-256, 362, 372 व 1103 जैसी किस्में उपयोगी विकल्प हैं। वहीं काबुली चने की खेती के लिए केएके-2, पूसा-1003 व 1053 किस्म का चयन कर सकते हैं। लगभग 110 से 130 दिनों में पककर तैयार होती है।

नवंबर तक चयनित किस्म के चने की करें बोआई

अक्टूबर के मध्य से नवंबर के मध्य तक बोआई करना ठीक होता है। इससे बेहतर उत्पादन होता है। देर से बोआई करने पर दाना भरने के समय तापमान बढ़ने व मिट्टी में नमी की कमी से पैदावार प्रभावित हो सकती है।

सीड ड्रिल, मल्टी क्राप प्लांटर आदि आधुनिक उपकरणों से कतारों में बोआई करें। कतार से कतार की दूरी 30 सेमी, पौधे से पौधे की दूरी करीब 10 सेमी रखें। करीब पांच से आठ सेमी की गहराई पर बोएं।

कम सिंचाई में भी पाएंगे अच्छी पैदावार

कृषि विज्ञान केंद्र बगही के कृषि वैज्ञानिक डा. देवेश कुमार ने कहा कि चना कम पानी में तैयार होने वाली फसल है। सिंचित क्षेत्रों में एक या दो हल्की सिंचाई करनी पड़ती है। फूल आने और दाना बनने की अवस्था में खेत में नमी की कमी न होने दें। खरपतवार से फसल को बचाने के लिए समय-समय पर निराई-गुड़ाई के लिए बैटरी चालित रोटरी वीडर का प्रयोग करें।

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश के किसानों को मुफ्त मिलेगा प्याज का उन्नत बीज, इस योजना में करें ऑनलाइन आवेदन

यह भी पढ़ें- 50 करोड़ से ज्यादा का होगा योगी सरकार का दूसरा अनुपूरक बजट, महिलाओं और किसानों को मिल सकती है बड़ी सौगात

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।