UP के संतकबीरनगर में छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर, 186 घाटों पर साफ-सफाई का काम तेज
संत कबीरनगर में सूर्य की उपासना के महापर्व छठ की तैयारियां शुरू हो गई हैं, जिसमें पूजा घाटों की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई का कार्य चल रहा है।

प्रशासन ने जिले में 186 छठ घाटों की पहचान की है और सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं, यह पर्व 13 नवंबर से शुरू होगा।
HighLights
संत कबीरनगर में छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गईं।
प्रशासन ने जिले में 186 छठ घाटों की पहचान की।
13 नवंबर से शुरू होगा चार दिवसीय छठ महापर्व।
जागरण संवाददाता, संत कबीरनगर। सूर्य की उपासना के महापर्व छठ को लेकर अभी से तैयारियां आरंभ हो गई हैं। पूजा घाटों पर साफ-सफाई के साथ ही रंग रोगन लगाने का कार्य होने लगा है। पूजा घाटों पर श्रद्धालु वेदिकाएं बनाकर अपना स्थान सुरक्षित करने में भी लग गए हैं। प्रशासन द्वारा जनपद में चिह्नित 186 छठ घाटों पर तैयारियों की जा रही हैं। इसके लिए नगरीय निकायों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
4 दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व का आरंभ इस वर्ष 13 नवंबर यानी शुक्रवार से होगा। इसके पहले दिन नहाय खाय के साथ व्रती महिलाएं 14 काे खरना की रस्म पूरी करेंगी। 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही 16 को भोर से ही तालाबों, नदियों आदि में भाेर से ही खड़े रहकर महिलाओं द्वारा उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन होगा। पिछले करीब एक दशक से पूर्वांचल में छठ पर्व मनाने की परंपरा जोर पकड़ने लगी है। इसे लेकर पूजा घाटाें पर अभी से तैयारियां की जाने लगी हैं।
मेंहदावल के पक्का पोखरा मंदिर स्थित पोखरा, पंचमुखी शिव मंदिर पोखरा, ठाकुरद्वारा मंदिर पोखरा, सोनबरसा पोखरा समेत बखिरा के भंगेश्वरनाथ शिव मंदिर पोखरा, शहर के समय माता मंदिर पोखरा, बिड़हरघाट में सरयू नदी के पुल के किनारे, बालूशासन में आमी नदी के किनारे, शिव मंदिर कोपिया आदि पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु हर वर्ष छठ पूजा के लिए बड़ी संख्या में लोग परिवार समेत एकत्र होते हैं। इसके लिए मेंहदावल में नगर पंचायत प्रशासन द्वारा सभी पोखरों की सफाई के साथ ही रंगाई पुताई करवाई जा रही है। इसी क्रम में व्रती महिलाओं द्वारा पहले से वेदियों को बनाकर उसे रंगने का कार्य किया जा रहा है।
सरकारी स्तर से चिह्नित किए गए हैं 186 पूजा घाट
छठ पूजा के लिए सरकारी स्तर से जनपद के विभिन्न भागों में कुल 186 घाट बनवाए और चिह्नित किए गए हैं। इसमें कोतवाली खलीलाबाद में 45, दुधारा थाना क्षेत्र में 10, धनघटा में 29, मेंहदावल में 24,महुली में 36,बखिरा में 12, बेलहर कला 18 व धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र 12 घाटों पर जुटने वाली भारी भीड़ को लेकर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था के लिए होमवर्क करने में जुटे हैं। जलाशयों में और विशेषकर सरयू, आमी, कुआनो और राप्ती नदी के घाटों पर ड़ूबने आदि की घटनाएं रोकने के लिए नाव सहित पुलिस कर्मियों को लगाए जाने की तैयारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।