विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने तैयारी की तेज, संतकबीर नगर में पंकज चौधरी ने परखी संगठन की ताकत
भाजपा ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए संतकबीर नगर में अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने संगठन की जमीनी स्थिति परखी और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।
-1795630491547_m.webp)
भाजपा जिला कार्यालय पर पं. दीनदयाल उपाध्याय व श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित करते प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी
HighLights
पंकज चौधरी ने संतकबीर नगर में संगठन की समीक्षा की।
खलीलाबाद और मेंहदावल में चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई।
बखिरा में भव्य स्वागत से कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखा।
जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर। वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संतकबीर नगर में अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी का बुधवार को जनपद दौरा इसी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
एक तरफ उन्होंने खलीलाबाद और मेंहदावल विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी संगठन की जमीनी स्थिति परखी, वहीं दूसरी तरफ बखिरा में हुए स्वागत समारोह ने पार्टी की ताकत और कार्यकर्ताओं के उत्साह का प्रदर्शन किया। उनके दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को धार देने और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को समझने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष के जनपद पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जगह-जगह स्वागत किया।

खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र स्थित पार्टी कार्यालय में उन्होंने जिलाध्यक्ष नीतू सिंह सहित पूर्व एवं वर्तमान संगठनात्मक पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें भाजपा प्रदेश मंत्री अवधेश श्रीवास्तव, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ला एवं इंद्रजीत मिश्र, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश मिश्र, श्यामकरण सिंह, बनवारी लाल अग्रहरी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजीव राय, क्षेत्रीय मंत्री सुनीता अग्रहरी और अनिरुद्ध निषाद सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल रहे।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन की मौजूदा स्थिति, क्षेत्रीय राजनीतिक समीकरण, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और बूथ स्तर पर पार्टी की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने पदाधिकारियों से अलग-अलग संवाद कर जनसंपर्क अभियान, संगठनात्मक गतिविधियों और क्षेत्र में पार्टी की स्थिति का फीडबैक प्राप्त किया। करीब दो घंटे तक चली बैठक में आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को और सक्रिय एवं मजबूत बनाने पर मंथन हुआ। बैठक में केवल पूर्व और वर्तमान संगठनात्मक पदाधिकारियों को ही बुलाया गया था। संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के लिए अन्य लोगों के प्रवेश की अनुमति नहीं थी।
खलीलाबाद के साथ मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र में भी प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात कर संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में हुए संवाद को भाजपा की चुनाव पूर्व तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का जोर बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता बढ़ाने, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने और स्थानीय स्तर पर राजनीतिक स्थिति का आकलन करने पर दिखाई दिया।
बखिरा में स्वागत के बहाने दिखी सियासी ताकत
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के बखिरा पहुंचने पर इंटर कॉलेज चौराहे पर स्वागत समारोह आयोजित किया गया। पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। भीड़ और कार्यकर्ताओं के उत्साह ने समारोह को राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया। इस दौरान भाजपा के समर्थन में नारेबाजी से पूरा परिसर गूंजता रहा।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और जनता का स्नेह ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। भाजपा सरकार जनकल्याण और विकास के संकल्प के साथ लगातार काम कर रही है। कार्यकर्ताओं का सम्मान और संगठन की मजबूती हमेशा प्राथमिकता में रहेगी।
पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का बखिरा में प्रथम आगमन क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी भाजपा के प्रति उनके विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने स्वागत समारोह में पहुंचे कार्यकर्ताओं और नगरवासियों के प्रति आभार जताया।
स्थानीय नेताओं की सक्रियता भी चर्चा में
स्वागत समारोह में ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि योगेंद्र सिंह उर्फ बबलू, जिलाध्यक्ष किसान मोर्चा विजय बहादुर सिंह, अरुण सिंह, राजेंद्र राय, जिला मंत्री अर्जुन चौधरी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बघौली पंचराम गौतम, फूलचंद चौधरी, डॉ. हरिओम बख्शी, पूर्व हिंदू युवा वाहिनी अध्यक्ष सतीश चंद मिश्रा, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनिराम यादव, जिला मंत्री पिछड़ा मोर्चा अरविंद यादव, जिला उपाध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा मनोज जायसवाल, किसान मोर्चा के पदाधिकारी राजेश तिवारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष विनय सिंह, जलधारी सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा श्याम नारायण, मानवेंद्र सिंह, विनोद पांडेय, राजेश गुप्ता, संदीप तिवारी, आशीष सिंह, इंद्रसेन सिंह, दयाशंकर गुप्ता, रामहित चौहान, राजू उपाध्याय, आकाश गौरव सिंह, देवेश सिंह बघेल, सुशील सिंह और सद्दाम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।
चुनाव से पहले संगठन और जनाधार पर फोकस
पंकज चौधरी के दौरे के दोनों पहलुओं को जोड़कर देखें तो भाजपा की रणनीति में संगठनात्मक समीक्षा और जनाधार के प्रदर्शन, दोनों पर जोर नजर आता है। खलीलाबाद और मेहदावल में बंद कमरे में हुई बैठकों के जरिए पार्टी ने संगठन की वास्तविक स्थिति और कार्यकर्ताओं की सक्रियता का फीडबैक लिया, जबकि बखिरा के स्वागत समारोह के जरिए स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की लामबंदी सामने आई।
ऐसे में यह दौरा केवल औपचारिक स्वागत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संतकबीरनगर में भाजपा की राजनीतिक तैयारियों और संगठनात्मक सक्रियता का संदेश देने वाला भी रहा।
यह भी पढ़ें- संतकबीर नगर में मछली के कारोबार को कहा- अलविदा, पत्तल फैक्ट्री से लाखों की कमाई कर रहे गोविंद निषाद
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।