विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'डाकिया डाक लाया' से 200 डिजिटल सेवाओं तक: जानिए कैसे बदल गई भारतीय डाक की पूरी दुनिया

Published: Mon, 09 Nov 2026 08:48 PM (IST)

भारतीय डाक विभाग ने चिट्ठियों से लेकर 200 आधुनिक सेवाओं तक का सफर तय किया है। डिजिटल युग में भी ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. कभी अपनों के संदेश का रहता था बेसब्री से इंतजार, अब एक ही छत के नीचे मिल रहीं करीब 200 सेवाएं

  2. मोबाइल-इंटरनेट के दौर में भी दस्तावेज और पार्सल भेजने के लिए भारतीय डाक पर कायम है लोगों का भरोसा

संवाद सहयोगी, बहजोई (संभल)। ''डाकिया डाक लाया'' कभी घरों में यह आवाज सुनते ही लोगों के चेहरे खिल उठते थे। डाकिये के आने का बेसब्री से इंतजार रहता था और चिट्ठियों के माध्यम से अपनों के हाल-चाल से लेकर खुशियों तक के संदेश पहुंचते थे। मोबाइल और इंटरनेट के दौर में चिट्ठियों व पोस्टकार्ड का चलन भले ही कम हो गया हो, लेकिन भारतीय डाक विभाग की प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है।

समय के साथ डाकघरों का स्वरूप भी बदला है। अब यहां चिट्ठी और पार्सल भेजने के साथ आधार, बैंकिंग, बीमा, टिकट, बिल भुगतान समेत करीब 200 तरह की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हर साल नौ अक्टूबर को विश्व डाक दिवस मनाया जाता है।

यह दिन डाक सेवाओं के महत्व और संचार व्यवस्था में उनकी भूमिका को रेखांकित करता है। इस अवसर पर डाक विभाग के बदलते स्वरूप के साथ उन दिनों की यादें भी ताजा हो जाती हैं, जब डाकिया घर-घर खुशियों और अपनों के संदेश लेकर पहुंचता था।

चिट्ठियों का रहता था बेसब्री से इंतजार

चंदौसी निवासी मनोज कुमार बताते हैं कि करीब 20 साल पहले चिट्ठियों का बेसब्री से इंतजार किया जाता था। उस समय दिन में दो से तीन पत्र लिखना भी सामान्य बात थी। दूर रहने वाले रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क बनाए रखने का सबसे प्रमुख माध्यम चिट्ठियां ही थीं।

पत्र मिलने पर उसे बार-बार पढ़ना और संभालकर रखना लोगों के लिए भावनात्मक जुड़ाव का हिस्सा हुआ करता था। बहजोई निवासी मनीष कुमार के अनुसार, डाकिया केवल चिट्ठियां ही नहीं लाता था, बल्कि अपनों के हाल-चाल, खुशियों और भावनाओं के संदेश भी लेकर आता था।

समय बदला और संचार के साधन तेज हुए, तो चिट्ठियों का स्थान मोबाइल फोन और इंटरनेट ने ले लिया। इसके बावजूद डाक विभाग से लोगों का जुड़ाव पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। डाकघरों में मिल रहीं कई आधुनिक सुविधाएं डाक विभाग ने बदलते समय के साथ अपनी सेवाओं का विस्तार किया है।

अब डाकघरों में पत्र और पार्सल भेजने के अलावा आधार कार्ड बनवाने व अपडेट कराने, बैंकिंग, बीमा, पासपोर्ट संबंधी सेवाओं, टिकट, फास्टैग और विभिन्न बिलों के भुगतान जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इसके अतिरिक्त आईटीआर से संबंधित मिनी सेवाओं के माध्यम से भी लोगों को सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है। डाक विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, महत्वपूर्ण दस्तावेजों और पार्सल को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने में भारतीय डाक सेवा आज भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी डाकघर विभिन्न सरकारी और वित्तीय सेवाओं का प्रमुख माध्यम बने हुए हैं।

विश्व डाक दिवस का है ऐतिहासिक महत्व

विश्व डाक दिवस मनाने का उद्देश्य डाक सेवाओं के महत्व और अंतरराष्ट्रीय संचार में उनकी भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। नौ अक्टूबर 1874 को स्विट्जरलैंड के बर्न में सार्वभौमिक डाक संघ (यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन) की स्थापना हुई थी।

इसी ऐतिहासिक तिथि की वर्षगांठ पर प्रतिवर्ष विश्व डाक दिवस मनाया जाता है। डिजिटल संचार के बढ़ते दौर में डाक विभाग ने भी अपनी कार्यप्रणाली में बदलाव किया है।

चिट्ठियों से शुरू हुआ सफर अब पार्सल, बैंकिंग, बीमा और डिजिटल सुविधाओं तक पहुंच चुका है। यही वजह है कि बदलते समय में भी डाक विभाग लोगों के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बना हुआ है।

यह भी पढ़ें- कागजी हेराफेरी से हड़पी थी 101 करोड़ की जमीन, अब संभल प्रशासन वहां बसाएगा नया औद्योगिक शहर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।