सावधान! WhatsApp पर आया शादी का कार्ड खाली कर सकता है आपका बैंक खाता, भूलकर भी न खोलें ये फाइल
साइबर अपराधी शादी के कार्ड के बहाने WhatsApp पर APK फाइल भेजकर लोगों को ठग रहे हैं, जिससे मोबाइल हैक हो सकता है और बैंक खाते खाली हो सकते हैं। यह फाइल डाउनलोड करने से बचें, अनजान स्रोतों से ऐप इंस्टाल न करें।

एआई इमेज
HighLights
परिचितों के नंबर से आ रहे फर्जी निमंत्रण, हैक किए गए अकाउंट से दूसरों को भी बना रहे निशाना
संवाद सहयोगी, संभल। शादियों का सीजन है। घरों में तैयारियां चल रही हैं तो मोबाइल पर रिश्तेदारों और परिचितों के डिजिटल निमंत्रण भी पहुंच रहे हैं। इसी माहौल को साइबर अपराधियों ने ठगी का हथियार बना लिया है। शादी का कार्ड भेजने के बहाने लोगों के वाटसएप पर एपीके फाइल भेजी जा रही है। इसे सामान्य निमंत्रण समझकर डाउनलोड करना भारी पड़ सकता है।
एक क्लिक के बाद मोबाइल की सुरक्षा में सेंध लग सकती है और वाटसएप अकाउंट साइबर ठगों के नियंत्रण में पहुंच सकता है। इसके बाद निजी जानकारियां चुराने से लेकर परिचितों को ठगी का शिकार बनाने तक का खेल शुरू हो जाता है।
साइबर अपराधी अब बैंक अधिकारी बनकर फोन करने, फर्जी लिंक भेजने और इनाम का लालच देने के पुराने तरीकों के साथ शादी के निमंत्रण का सहारा ले रहे हैं।
लोगों के वाटसएप पर संदेश भेजकर शादी का कार्ड देखने के लिए एपीके फाइल डाउनलोड करने को कहा जाता है। संदेश में निमंत्रण का जिक्र होने के कारण लोग बिना जांचे-परखे फाइल इंस्टाल कर लेते हैं।
दरअसल, एपीके मोबाइल में एप इंस्टाल करने वाली फाइल होती है। यह सामान्य फोटो या पीडीएफ कार्ड नहीं है। अनजान स्रोत से आई ऐसी फाइल इंस्टाल करने पर मोबाइल में दुर्भावनापूर्ण एप सक्रिय हो सकता है।
इसके जरिए साइबर अपराधी मोबाइल की संवेदनशील जानकारियों और विभिन्न अनुमतियों तक पहुंच बनाने की कोशिश करते हैं। वाटसएप अकाउंट का नियंत्रण मिलने पर ठग पीड़ित की संपर्क सूची में शामिल लोगों को संदेश भेजकर रुपये मांग सकते हैं।
परिचित के नंबर से मदद मांगने का संदेश आने पर लोग अक्सर भरोसा कर लेते हैं। ऐसे में बिना पुष्टि किए रकम भेजने से वे भी ठगी का शिकार हो सकते हैं। इस तरह एक व्यक्ति की छोटी सी लापरवाही साइबर ठगों के लिए कई लोगों को निशाना बनाने का रास्ता खोल देती है।
पीडीएफ और फोटो कार्ड से अलग है एपीके फाइल
शादी का डिजिटल निमंत्रण पीडीएफ, फोटो या वीडियो के रूप में भेजा जा सकता है, लेकिन किसी अनजान नंबर से आई एपीके फाइल को कार्ड समझकर इंस्टाल करना खतरनाक है।
मोबाइल में अनजान स्रोतों से एप इंस्टाल करने की अनुमति बंद रखनी चाहिए। किसी परिचित के नंबर से भी संदिग्ध फाइल आए तो डाउनलोड करने से पहले फोन करके पुष्टि करें। वाटसएप पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन भी चालू रखें।
केस-1 : हल्लू सराय निवासी गुड्डू के वाटसएप पर परिचित के नंबर से शादी के निमंत्रण के नाम पर एपीके फाइल आई। उन्होंने इसे खोल लिया, जिसके बाद उनका फोन हैक हो गया।
केस-2 : चमन सराय निवासी अनीस भी साइबर ठगों के इस तरीके का शिकार हुए। 15 नवंबर को उनके वाटसएप पर परिचित के नंबर से शादी के निमंत्रण वाली एपीके फाइल आई। उन्होंने फाइल खोल ली। इसके बाद उनके ही नंबर से दूसरे परिचित को भी वही संदेश भेजा गया।
गलती होने पर तुरंत उठाएं ये कदम
किसी भी अनजान एपीके फाइल को डाउनलोड या इंस्टाल न करें। यदि गलती से संदिग्ध एप इंस्टाल हो गया है तो इंटरनेट बंद कर विशेषज्ञ की मदद लें। बैंकिंग संबंधी जानकारी खतरे में होने पर तत्काल बैंक को सूचना दें। आर्थिक साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
किसी भी एपीके फाइल को न खोलें। संदिग्ध एप इंस्टाल होने पर तुरंत इंटरनेट बंद कर विशेषज्ञ की मदद लें। आर्थिक साइबर ठगी होने पर 1930 पर शिकायत करें।
- कुलदीप कुमार, सीओ संभल
यह भी पढ़ें- 11 साल पहले छोड़ा देश और बना अमेरिकी नागरिक, फिर भी यूपी के संभल में चल रहे राइफल-रिवॉल्वर के लाइसेंस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।