नवंबर में सिर्फ 4 दिन बजेगी शहनाई, दिसंबर में भी बचे हैं गिनती के दिन; जानें कब तक रहेंगे शादी के शुभ मुहूर्त?
नवंबर में केवल चार और दिसंबर में सात शुभ विवाह मुहूर्त होने से शादी समारोहों से जुड़े कारोबारियों में चिंता ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
कारोबारियों में दिखी चिंता की झलक, सराफा कारोबार पर नहीं है ज्यादा असर
जागरण संवाददाता, चंदौसी (संभल)। देवोत्थान एकादशी के साथ ही हिंदू धर्म में मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। चातुर्मास के बाद अब एक बार फिर विवाह समारोहों की रौनक लौटने वाली है। नवंबर में बैंड-बाजा, बारात की गूंज सुनाई देगी। हालांकि, इस बार नवंबर में शादियों के लिए केवल चार शुभ तारीखें मिल रही हैं। ऐसे में इससे जुड़े कारोबारी भी कारोबार मध्यम रहने से चिंतित दिखाई दे रहे हैं।
नगर में करीब 40-50 छोटे बड़े बेंक्वट हाल हैं जो सभी करीब तीन महीने पहले से ही बुक हैं। कैटरर्स भी बुक हैं तो टेंट वाले भी खाली नहीं हैं।
पुरोहितों के अनुसार नवंबर में 21, 24, 25 व 26 नवंबर को ही शुभ विवाह मुहूर्त निकलकर आ रहे हैं तो दिसंबर में भी केवल सात शुभ तारीखें हैं।

टेंट हाउस संचालक सचिन के अनुसार, पहले नवंबर में कई दिनों शादियां होती थीं लेकिन इस बार केवल चार मुहूर्त होने के कारण इस बार काम हल्का ही रहेगा।
हालांकि सराफा बाजार में इसका ज्यादा असर नहीं दिख रहा। कारोबारियों के अनुसार, पहले ही सोने-चांदी के रेट इतने बढ़ चुके हैं कि लोग खास अवसरों पर ही खरीदारी कर रहे हैं।

कथा वाचक एवं पुरोहित आचार्य ऋतुपर्ण शर्मा ने बताया कि ज्योतिषीय गणनाओं के आधार पर नवंबर में चार और दिसंबर में सात मुख्य तिथियां बन रही हैं। मध्य दिसंबर (16 दिसंबर के आसपास) सूर्य के धनु राशि में प्रवेश करते ही खरमास शुरू हो जाएगा। इसके चलते 14 जनवरी 2027 तक शादियों पर फिर से विराम लग जाएगा।
बोले कारोबारी
इस बार कारोबार मध्यम ही रहेगा। वैसे नवंबर का काम हर बार ज्यादा होता था लेकिन इस बार ऐसा नहीं है। इससे कारोबार पर प्रभाव पड़ना लाजिमी है। इसके अलावा अब इस काम में कंप्टीशन भी बहुत हो गया है। - संजू शर्मा, कैटरर्स
इस बार बुकिंग कम रहेगी क्योंकि विवाह मुहूर्त कम हैं। हर बार नवंबर में काम अच्छा होता था। हालांकि जो भी बुकिंग हैं, वह दो-तीन महीने पहले ही हो जाती हैं। - कौशल नंदन, वेंक्वट हाल स्वामी
सोने-चांदी के दाम पहले ही काफी ऊपर आ चुके हैं। ऐसे में लोग सीमित खरीदारी ही कर रहे थे। शादियां कम होने का असर इसलिए भी बाजार पर ज्यादा नहीं पडे़गा क्योंकि पहले ही खरीदारी कम हो रही है। - विशाल अग्रवाल, सराफा कारोबारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।