विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 04, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

संभल में यूपी पुलिस शुरू करने जा रही ऑपरेशन 'त्रिनेत्र', अब चप्पे-चप्पे पर रखी जाएगी निगरानी

Published: Wed, 04 Dec 2024 09:22 PM (IST)

संभल जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत व्यापक सीसीटीवी कैमरा नेटवर्क स्थापित किया ...और पढ़ें

24 नवंबर को संभल में हुई हिंसा के दौरान की तस्वीर (जागरण)
24 नवंबर को संभल में हुई हिंसा के दौरान की तस्वीर (जागरण)

HighLights

  1. हिंसा के बाद सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस उठा रही कदम
  2. सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए व्यापक सीसीटीवी अभियान
  3. ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सीसीटीवी नेटवर्क की निगरानी बढ़ेगी
  4. ग्राम पंचायतों की निधि से होगा खर्च, सीमाओं पर भी होगी कड़ी नजर

संवाद सहयोगी, बहजोई। संभल में हुई हिंसा के बाद पुलिस उपद्रवियों पर कार्रवाई जरूर कर रही है लेकिन यह कार्रवाई ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अधिक प्रभावशाली हो रही है।

अगर सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ नहीं लगता तो उपद्रवियों के विरुद्ध कार्रवाई करने में सबसे बड़ी चुनौती होती और पुलिस इसी हथियार को और अधिक मजबूत करने के लिए अब संभल शहर ही नहीं बल्कि उसके आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास कर रही है, जिसमें अब पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के माडल पर संभल में भी सीसीटीवी कैमरों के जाल बिछाने की तैयारी में जुट गए हैं।

गोरखपुर के तर्ज पर होगी सुरक्षा

संभल जिले में गोरखपुर की तर्ज पर सुरक्षा और निगरानी तंत्र को मजबूत बनाने के लिए ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत व्यापक सीसीटीवी कैमरा नेटवर्क स्थापित किया जाएगा। इस अभियान के तहत, शहर के प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों, और सीमावर्ती इलाकों में बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

पुलिस अधीक्षक ने इस योजना का खाका तैयार करते हुए डीएम को पत्र लिखकर अभियान को तेज गति से लागू करने का अनुरोध किया है। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिया कि सभी ग्राम पंचायतों में उपयुक्त स्थानों की पहचान कर कैमरे लगवाए जाएं।

ग्रामीण इलाकों में भी लागू की जाएगी निगरानी व्यवस्था

ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था को लागू किया जाएगा। पंचायतों को अपनी निधि से इस योजना के लिए आवश्यक धनराशि का व्यय करना होगा। इस प्रक्रिया में सीसीटीवी कैमरों के लिए प्राथमिकता के आधार पर ऐसे स्थान चिन्हित किए जा रहे हैं, जहां सुरक्षा की दृष्टि से उनकी अधिक आवश्यकता है।

शहरी क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों और व्यस्ततम चौराहों पर कैमरे लगाए जाएंगे, जो संदिग्ध गतिविधियों और वाहनों के आवागमन पर निगरानी रखने में सहायक होंगे। इसके अतिरिक्त, सीमावर्ती इलाकों में कैमरों की लाइव निगरानी से अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जाएगी। यह योजना सुरक्षा प्रबंधन को तकनीकी रूप से सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम है।

अभियान के तहत पंचायतों को निर्देश दिया गया है कि वे कैमरों की गुणवत्ता सुनिश्चित करें और नियमित रूप से उनकी देखरेख करें। इस योजना का उद्देश्य केवल अपराधों पर नजर रखना ही नहीं, बल्कि जनता में सुरक्षा का विश्वास भी कायम करना है। सीसीटीवी कैमरों से संदिग्ध गतिविधियों को पहचानना और समय पर कार्रवाई करना आसान होगा।

सुरक्षा को बहु स्तरीय बनाने की है पहल

एसपी के अनुसार, ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत कैमरों का यह नेटवर्क एक ऐसा निगरानी तंत्र स्थापित करेगा जो जिले की सुरक्षा को बहुस्तरीय बनाएगा। सीमाओं पर कैमरे लगने से जिले में बाहरी तत्वों की अवांछित गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। सीडीओ और डीपीआरओ द्वारा ग्राम पंचायतों में जगह चिन्हित करने का कार्य तेज कर दिया गया है, ताकि यह योजना समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।

संभल शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर चल रहे इस अभियान के तहत लगाए जा रहे कैमरों से अपराध दर में कमी आने की उम्मीद है। यह पहल न केवल पुलिस के लिए बल्कि ग्रामीण और शहरी नागरिकों के लिए भी सुरक्षा का एक मजबूत आधार बनेगी। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रशासनिक और तकनीकी टीमों को सक्रिय रूप से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में ऑपरेशन त्रिनेत्र का यह अभियान सुरक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय जोड़ेगा।

पुलिस अधीक्षक, संभल, कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया-

गोरखपुर के माडल पर संभल जिले में भी अब सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत सीसीटीवी कैमरे को बड़ी संख्या में लगाया जाएगा। इसके लिए ग्राम पंचायत से सहयोग लिया जा रहा है। 

सीडीओ, संभल, गोरखनाथ भट्ट ने बताया-

पुलिस अधीक्षक के द्वारा लिखे गए पत्र के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर हमने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिया है कि जहां पुलिस को आवश्यकता है और प्रशासनिक सुरक्षा की दृष्टिगत वहां स्थान को चिन्हित करते हुए सीसीटीवी कैमरे जल्द से जल्द लगवा जाएं।

इसे भी पढ़ें: यूपी में चुनाव को लेकर फिर गरमाई सियासत, बागियों ने बढ़ाई सपा-भाजपा की टेंशन; शिवपाल का करीबी भी शामिल