आस्था का महाकुंभ: बच्चों की उंगली थामे घाट पहुंचे पिता, 11 साल पुरानी परंपरा में दिखा ग्रामीण संस्कृति का अनूठा रंग
सिसौना गंगा घाट पर आस्था का महाकुंभ लगा है, जहाँ श्रद्धालु गंगा में पुण्य की डुबकी लगा रहे हैं। यह मेला 11 वर्षों से चली आ रही परंपरा को जीवंत करता है, जो ग्रामीण संस्कृति और पारिवारिक संस्कारों को सहेजता है।

गंगा मेला सिसौना डांडा पर गंगा घर पर काशी की तरह आरती करते काशी के पुरोहित। जागरण
HighLights
गंगा की लहरों में पुण्य की डुबकी और मेले की गलियों में ग्रामीण संस्कृति का उल्लास
शिवकुमार कुशवाहा, बहजोई (संभल)। गंगा की ओर बढ़ते कदम, हाथों में बच्चों की उंगलियां थामे पिता, कंधों पर सामान लटकाए परिवार और मन में पुण्य स्नान की अभिलाषा...। सिसौना गंगा घाट पर पहुंचते ही कुछ ऐसा ही दृश्य श्रद्धालुओं का स्वागत करता है। टी-प्वाइंट चौकी से मेले की ओर बढ़ते ही भव्य प्रवेश द्वार अपनी सजावट के साथ लोगों को उत्सव का अहसास कराता है।
द्वार पार करते ही श्रद्धा और उल्लास से भरी भीड़ के बीच हर उम्र और हर वर्ग के लोग दिखाई देते हैं। किसी बच्चे के लिए यह मेला पहली बार गंगा मैया के दर्शन का अवसर है तो किसी बुजुर्ग के लिए वर्षों पुरानी परंपरा को निभाने का एक और दिन।
पिता बच्चों को गंगा स्नान का महत्व समझाते नजर आते हैं तो युवा अपने परिवार के साथ बुजुर्गों का हाथ थामकर घाट की ओर बढ़ते हैं। यही दृश्य पीढ़ियों से चले आ रहे संस्कारों और आस्था की विरासत को जीवंत कर रहा है।

घाट पर बैरिकेडिंग के बीच श्रद्धालु गंगा की धारा में डुबकी लगा रहे हैं। जलस्तर कुछ कम जरूर हुआ है, लेकिन स्नान को लेकर उत्साह में कोई कमी नहीं है। कोई स्नान कर घर लौटने की तैयारी में है तो कोई परिवार के साथ मेले में रुककर पर्व की खुशियां साझा कर रहा है।
संभल के अलावा आसपास के जनपदों से भी श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है। स्नान के बाद पूजा-अर्चना, दीपदान और प्रसाद वितरण के दृश्य वातावरण को भक्तिमय बना रहे हैं।

घाट से आगे बढ़ते ही मेले का रंग बदल जाता है। रंगमंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां, प्रशासन की ओर से विभिन्न योजनाओं की प्रदर्शनी और स्टाल लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।
चाट-पकौड़ी की दुकानों पर बच्चों और युवाओं की भीड़ है तो मीना बाजार में महिलाएं घरेलू सामान की खरीदारी करती नजर आती हैं। कहीं परिवार साथ बैठकर मेले का आनंद ले रहे हैं तो कहीं बच्चे खिलौनों और दुकानों को देखकर उत्साहित हैं।

11 वर्षों से चली आ रही यह परंपरा केवल गंगा स्नान तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवारों को जोड़ने, बच्चों में संस्कारों की जड़ें मजबूत करने और ग्रामीण संस्कृति को सहेजने का भी माध्यम है।
यहां गंगा की लहरों में केवल श्रद्धालु डुबकी नहीं लगा रहे, बल्कि एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक आस्था और परंपरा का विश्वास भी प्रवाहित हो रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।