सिसौना डांडा गंगा मेला: निकली परंपरागत झंडी यात्रा, आज होगी ब्रज की 'फूलों की होली' और कवि सम्मेलन से सजेगी शाम
सिसौना डांडा गंगा मेला आज हरि बाबा बांध धाम से झंडी यात्रा और दुग्ध अभिषेक के साथ शुरू होगा। शाम को कवि सम्मेलन और ब्रज के कलाकारों द्वारा फूलों की होली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।

मेला गंगा सिसौना डांडा घाट पर दुग्ध अभिषेक करतीं जिला पंचायत की प्रशासक डा. अनामिका यादव। जागरण
संवाद सहयोगी, बहजोई (संभल)। गंगा की अविरल धारा, श्रद्धा और भक्ति के संग सिसौना डांडा गंगा मेले का विधिवत आगाज हो गया। मेले के शुभारंभ से पहले हरि बाबा बांध धाम से परंपरागत झंडी यात्रा निकाली गई, जो मेला स्थल तक पहुंची। झंडी यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रीय लोग शामिल हुए। मेला स्थल पर विधि-विधान से झंडी पूजन और मां गंगा का दुग्ध अभिषेक किया गया।
जिला पंचायत की प्रशासक डाॅ. अनामिका यादव पूजा-अर्चना कर मेले का शुभारंभ करेंगी। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच गंगा मैया की आराधना की गई।
मेले में दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों को व्यवस्थित करने के साथ ही साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। मेले में धार्मिक आस्था के साथ मनोरंजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को मिलेगी।
कवि सम्मेलन और फूलों की होली से सजेगी शाम
मेले में 23 नवंबर की शाम छह से रात नौ बजे के बीच कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। ब्रज के कलाकारों की ओर से फूलों की होली खेली जाएगी।
राधा-कृष्ण की भक्ति और ब्रज संस्कृति पर आधारित इस प्रस्तुति से श्रद्धालु भक्ति के रंग में सराबोर होंगे। मेले में सांस्कृतिक विभाग की ओर से लोकगीत, लोकनृत्य और क्षेत्रीय संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
सूचना विभाग की ओर से विभिन्न स्थानों पर एलईडी लगाई जाएंगी। इनके माध्यम से शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
प्रशासनिक और पुलिस विभाग के कैंप कार्यालय बने
मेले में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए कैंप कार्यालय बनाए जाएंगे। इनमें डीएम, एसपी, सीडीओ, जिला पंचायत अध्यक्ष और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के कैंप कार्यालय शामिल रहेंगे। अधिकारियों के रात्रि विश्राम से लेकर अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
गंगा मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को प्राथमिकता दी गई है। सभी विभागों को जिम्मेदारी सौंपकर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
- अंकित खंडेलवाल, डीएम, संभल।