उत्तर प्रदेश में आज से SSR: वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने-हटवाने के लिए कौन-सा भरें फॉर्म? पूरी डिटेल
यूपी में आज से मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू हो गया है। युवा 16 दिसंबर तक नाम जुड़वाने, संशोधन या हटवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए ये तस्वीर लगाई गई है। (तस्वीर- जागरण आर्काइव)
HighLights
आज से मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान शुरू।
16 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन, युवा पात्र।
4 जनवरी 2027 को अंतिम सूची प्रकाशित।
जागरण संवाददाता, संभल। विधानसभा चुनाव की तैयारी के तहत मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण आज से शुरू होगा।
डीएम अंकित खंडेलवाल ने बताया कि 16 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और अपात्र नाम हटवाने के लिए आवेदन किए जा सकेंगे।
एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता बनने के पात्र होंगे। इसके अलावा एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी फॉर्म छह भरकर आवेदन कर सकेंगे। पुनरीक्षण के दौरान 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक खुले रहेंगे मतदेय स्थल
इन दिनों सभी मतदेय स्थल सुबह 10 से शाम चार बजे तक खुले रहेंगे और बीएलओ मौजूद रहेंगे। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म 6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म 7 और संशोधन के लिए फॉर्म 8 भरना होगा।
अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को होगी पब्लिश
आवेदन voters.eci.gov.in वेबसाइट और ईसीआईनेट एप के माध्यम से भी किया जा सकता है। दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक होगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची चार जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी।