उत्तर प्रदेश में SIR के बाद बढ़े 16 लाख से ज्यादा वोटर, 17 नवंबर को जारी होगी ड्राफ्ट लिस्ट
उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद मतदाताओं की संख्या में 16 लाख की वृद्धि हुई है, जिससे कुल मतदाता 13.56 करोड़ हो गए हैं।

उत्तर प्रदेश में SIR के बाद बढ़े 16 लाख से ज्यादा वोटर। (फोटो- जागरण आर्काइव)
HighLights
विशेष गहन पुनरीक्षण से 16 लाख मतदाता बढ़े।
मसौदा मतदाता सूची 17 नवंबर को होगी जारी।
अंतिम सूची 4 जनवरी को होगी प्रकाशित।
राज्य ब्यूरो लखनऊ। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद अब प्रदेश में मतदाताओं की संख्या फिर बढ़ गई है। एसआईआर के बाद से अब तक करीब 16 लाख मतदाता बढ़ गए हैं। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 17 नवंबर से होगा। इसके बाद 16 दिसंबर तक दावे व आपत्तियां ली जाएंगी। 28 दिसंबर तक इनका निस्तारण कर चार जनवरी को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
प्रदेश में एसआईआर की प्रक्रिया शुरू होने से पहले 27 अक्टूबर 2025 को करीब 15.44 करोड़ मतदाता थे। पुनरीक्षण के दौरान मृतक, स्थानांतरित, अनुपस्थित और एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों की जांच के बाद मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर संशोधन किया गया।
इसके बाद इस वर्ष 10 अप्रैल को जारी अंतिम मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या घटकर करीब 13.40 करोड़ रह गई थी। एसआईआर के बाद अब तक करीब 16 लाख नए मतदाताओं के जुड़ने से संख्या फिर 13.56 करोड़ पहुंच गई है।
17 नवंबर को जारी होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा मंगलवार यानी 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी करेंगे। इसके साथ ही सभी 75 जिलों की 403 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची का प्रकाशन मंगलवार को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के अवसर पर सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा जनपद स्तर पर मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित करेंगे।
इसमें राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची उपलब्ध कराते हुए एसएसआर की प्रक्रिया एवं उससे संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की जाएंगी। इसके साथ ही आम नागरिकों की सुविधा एवं जानकारी के लिए मतदाता सूची संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई जाएगी।
विधानसभा स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) द्वारा भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति किए जाने का अनुरोध भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 1,73,730 पोलिंग बूथ पर नियुक्त बूथ लेवल अधिकारियों के पास आमजन को दिखाने के लिए प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।