विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यात्रीगण ध्यान दें! कार्तिक पूर्णिमा पर 3 दिन रहेगा रूट डायवर्जन; दिल्ली, मुरादाबाद और आगरा जाने वाले नोट कर लें नया रास्ता

Published: Thu, 19 Nov 2026 12:09 AM (GMT+05:30)

संभल पुलिस ने कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए 21 से 24 नवंबर तक यातायात डायवर्जन ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. 21 को दोपहर 12 बजे से 24 नवंबर की रात 12 बजे तक भारी वाहनों का डायवर्जन, शाम छह बजे से हल्के वाहन भी प्रतिबंधित

जागरण संवाददाता, संभल। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए संभल पुलिस ने यातायात डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है। जिले में 21 नवंबर की दोपहर 12 बजे से 24 नवंबर की रात 12 बजे तक भारी वाहनों का रूट डायवर्ट रहेगा। वहीं, हल्के वाहनों के लिए 21 नवंबर की शाम छह बजे से डायवर्जन लागू होगा।

इस दौरान ट्रक, कैंटर, रोडवेज बस, निजी बस और अन्य मालवाहक वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा। पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालने के लिए जिले में 14 स्थानों पर डायवर्जन प्वाइंट बनाए हैं।

दरअसल, कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान 24 नवंबर को होगा। इस अवसर पर जिले में राजघाट, साधुमढ़ी, हरिबाबा धाम और सिसौना डांडा में गंगा किनारे मेले का आयोजन होगा।

यहां आसपास के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा दूसरे जनपदों से भी लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। इसके अतिरिक्त अमरोहा के तिगरी, बुलंदशहर के अनूपशहर और हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में भी गंगा मेले का आयोजन होगा।

इन आयोजनों के चलते दूसरे जिलों में भी यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। इसी को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने और जाने वाले वाहनों के लिए मार्ग निर्धारित किए हैं।

मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाले वाहन खिरनी कट से निकलेंगे

भारी एवं व्यावसायिक वाहनों, रोडवेज बसों, निजी बसों और मालवाहक वाहनों को चंदौसी चौराहा, चौधरी सराय चौराहा होते हुए खिरनी कट से गंगा एक्सप्रेसवे पर भेजा जाएगा। यहां से वाहन हापुड़ होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

वहीं, मुरादाबाद से चंदौसी होकर दिल्ली जाने वाले वाहनों को नया बाईपास एसएम कॉलेज चंदौसी से लहरावन कट होते हुए गंगा एक्सप्रेसवे से हापुड़ की ओर निकाला जाएगा।

अलीगढ़ और आगरा जाने के लिए नरौरा पुल का रास्ता

भारी एवं व्यावसायिक वाहनों को बहजोई, धनारी, इस्लामनगर चौराहा, बबराला और नरौरा पुल के रास्ते भेजा जाएगा। बदायूं से चंदौसी होकर अलीगढ़ और आगरा जाने वाले वाहनों के लिए भी यही वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।

इस्लामनगर-बदायूं रोड से बहजोई होकर अलीगढ़ जाने वाले वाहनों को बहजोई के इस्लामनगर चौराहे से धनारी, बबराला और नरौरा पुल होते हुए निकाला जाएगा।

दिल्ली से आने वाले वाहन खिरनी और लहरावन कट से उतरेंगे

भारी एवं व्यावसायिक वाहन गंगा एक्सप्रेसवे से खिरनी कट पर उतरकर अपने गंतव्य तक जाएंगे। दिल्ली से मुरादाबाद जाने वाले वाहनों को लहरावन कट बहजोई पर उतारकर चंदौसी होते हुए भेजा जाएगा। दिल्ली से चंदौसी और बहजोई जाने वाले वाहनों को भी लहरावन कट से निकाला जाएगा।

बदायूं से चंदौसी होकर दिल्ली जाने वाले वाहनों को नया बाईपास एसएम कॉलेज चंदौसी से लहरावन कट होते हुए गंगा एक्सप्रेसवे पर भेजा जाएगा। इस्लामनगर-बदायूं रोड से बहजोई होकर दिल्ली जाने वाले वाहनों को बहजोई से लहरावन कट के रास्ते गंगा एक्सप्रेसवे पर निकाला जाएगा।

नरौरा पुल की ओर से चंदौसी, संभल और मुरादाबाद जाने वाले भारी एवं व्यावसायिक वाहनों को नेह चौक गुन्नौर, नूरपुर तिराहा होते हुए सम्भल और धनारी-बहजोई के रास्ते गंतव्य तक भेजा जाएगा। वहीं, नरौरा पुल से बरेली, शाहजहांपुर और लखनऊ की ओर जाने वाले वाहनों को नेह चौक गुन्नौर से बदायूं होते हुए निकाला जाएगा।

इन चार मार्गों पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित

पुलिस ने चार प्रमुख मार्गों पर भारी एवं व्यावसायिक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया है। इनमें चौधरी सराय चौराहा सम्भल से सैदनगली, हसनपुर और गजरौला मार्ग शामिल है। केसरपुर तिराहा से टी-प्वाइंट चौक अनूपशहर की ओर भी भारी वाहन नहीं जा सकेंगे।

इस्लामनगर चौराहा बबराला से जिजौड़ा टांडा होते हुए टी-प्वाइंट पुलिस चौकी की ओर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा सम्भल से असमोली-जोया मार्ग पर भी भारी एवं व्यावसायिक वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा।

इन 14 स्थानों पर बनाए गए डायवर्जन प्वाइंट

यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पुलिस ने 14 स्थानों को डायवर्जन प्वाइंट बनाया है। इनमें नूरपुर तिराहा, इस्लामनगर चौराहा बबराला और नेह चौक गुन्नौर (थाना गुन्नौर), केसरपुर तिराहा और टी-प्वाइंट चौक अनूपशहर पुल (थाना रजपुरा), चौधरी सराय चौराहा और वाजिदपुरम बाईपास मुरादाबाद रोड (कोतवाली संभल), नया बाईपास एसएम कॉलेज चंदौसी, खिरनी कट गंगा एक्सप्रेसवे (थाना कैलादेवी), लहरावन कट गंगा एक्सप्रेसवे (थाना बहजोई), खग्गूपुरा बाईपास (थाना नखासा), भोलेश्वर चौक चौराहा और ठंडी सड़क चौराहा खग्गूपुरा बाईपास मार्ग (थाना रायसत्ती) तथा चंदौसी बाईपास मुरादाबाद रोड शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- संभल में गरमाया माहौल: सपा सांसद बर्क के विरोध के बीच बुर्का पहनकर 'हरिहर मंदिर पदयात्रा' में शामिल होंगी तमन्ना मलिक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।