पकड़ने गए तो खुद ही शिकार बन गए! संभल में जाल से छूटकर कुत्ते का तांडव, सभासद समेत 2 को काटा
संभल में आवारा कुत्तों को पकड़ने के अभियान के दौरान वार्ड 26 के सभासद और नगर पालिका के एक कर्मचारी ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
बुधवार को वार्ड 26 में चलाया जा रहा था अभियान, घायलों का जिला अस्पताल में कराया उपचार
संवाद सहयोगी, संभल। शहर में आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान बुधवार को कुत्तों ने वार्ड 26 के सभासद और नगर पालिका की टीम पर हमला कर दिया। इसमें दोनों घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, वहां चिकित्सकों ने उन्हें रेबीज का इंजेक्शन लगाया।
दरअसल, बुधवार को पालिका के वार्ड संख्या 26 लोधी सराय अंतर्गत ऊंट वाली गली ख्वास खां सराय में लोगों की शिकायत पर आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा था।
नगर पालिका परिषद की टीम ने कुत्तों को पकड़ने के लिए उनपर जाल दिया था। इसी की मदद से कुत्तों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा था। बुधवार को अभियान के दौरान एक कुत्ता जाल से निकलकर भागने लगा।
इसी बीच उसने टीम के सदस्य अजय के पेट में काट लिया। कुत्ते के हमले से बचने का प्रयास कर रहे सभासद इमरान रसूल की टांग में भी कुत्ते ने काट लिया। हमले में उनके कपड़े तक फट गए।
अचानक हुई घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल कर्मचारी अजय ने बताया कि नगर पालिका की ओर से उन्हें वार्ड 26 में कुत्तों को पकड़ने के लिए भेजा गया था। अभियान में करीब 10 से 12 सदस्य शामिल थे।
कुत्तों को पकड़ने के दौरान एक कुत्ते ने उनके पेट में काट लिया, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद सभासद और कर्मचारी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने दोनों को रेबीज के इंजेक्शन लगाए।
यह भी पढ़ें- संभल में दर्दनाक हादसा: बंदरों की उछल-कूद बनी काल, पीपल की टहनी गिरने से 5वीं के छात्र की मौत