संभल में दर्दनाक हादसा: बंदरों की उछल-कूद बनी काल, पीपल की टहनी गिरने से 5वीं के छात्र की मौत
संभल के रिबाड़ा गांव में बंदरों की आपसी लड़ाई के कारण पीपल के सूखे पेड़ की टहनी गिरने से पांचवीं ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
सूखे पेड़ के नीचे साथियों के साथ खेल रहा था कक्षा पांच का छात्र
जागरण संवाददाता, संभल। बंदरों के झुंड की आपसी लड़ाई के दौरान सूखे पीपल के पेड़ की भारी टहनी टूटकर नीचे गिर गई। इसकी चपेट में आकर पेड़ के नीचे खेल रहे एक किशोर की मौत हो गई। स्वजन उसे निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जुनावई थाना के रिबाड़ा गांव निवासी गजेंद्र का 12 वर्षीय पुत्र अर्जुन कक्षा पांच का छात्र था। मंगलवार को वह अपने साथी सुमन और राहुल के साथ गांव में स्थित सूखे पीपल के पेड़ के नीचे खेल रहा था।
इसी दौरान पेड़ पर बंदरों का झुंड पहुंच गया। बंदरों के बीच आपस में लड़ाई होने लगी। उनकी उछल-कूद और उथल-पुथल के दौरान पेड़ की भारी टहनी अचानक टूटकर नीचे गिर गई।
टहनी सीधे अर्जुन के ऊपर आ गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे स्वजन घायल अर्जुन को तुरंत निजी चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
स्वजन ने बिना पुलिस कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। अर्जुन की मौत से मां सत्यवती, पिता गजेंद्र और दोनों भाइयों दीपेश व अरुण का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी धीरज सिंह ने बताया कि इस घटना के संबंध में थाने पर कोई सूचना नहीं मिली है।