दीपावली की खुशियों पर अंधेरे का साया: 35 लाख बकाये पर संभल में 550 कनेक्शन कटे
संभल डिवीजन में बिजली विभाग ने 35 लाख रुपये के बकाये पर 550 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए हैं, जिससे दीपावली पर उनके घरों में अंधेरा छा गया है।

एआई इमेज
जागरा संवाददाता, संभल। रोशनी का त्योहार दीपावली मनाने के लिए घरों में तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं लेकिन उन परिवारों के लिए खुशियों को साझा करना शायद संभव नहीं हो सकेगा जिनकी बिजली लाइन विभाग ने बकाया होने के चलते काट दी है। जीहां, संभल डिवीजन में सैकड़ों उपभोक्ताओं की बिजली गुल हो चुकी है, अगर अब वह बकाया जमा करेंगे, तभी बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकेगी।
दीपावली पर घरों को रोशन करने के लिए लोग तरह-तरह की झालरें लगाने के साथ बल्वों का इस्तेमाल करते हैं। कहा जाता है कि घरों के रोशन होने पर लक्ष्मी का वास भी होता है।
त्योहार की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं लेकिन इसी बीच उन घरों पर अंधेरे का साया हो गया है, जिनकी बिजली गुल हो चुकी है। बिजली विभाग के आंकड़े के अनुसार, अक्टूबर महीने में संभल डिवीजन के करीब 550 उपभोक्ताओं की बिजली लाइन काटी गई है।
यह कार्रवाई करीब 35 लाख रुपये का बिल जमा नहीं करने को लेकर की गई है। फिलहाल, घरों में दीपावली के मौके पर भी अंधेरा छाया हुआ है।
एक्सईएन रघुनाथ तित्तल का कहना है कि भले ही बकाया होने पर बिजली लाइन काटने की कार्रवाई हुई है लेकिन जैसे-जैसे उपभोक्ता बिल जमा कर रहे हैं, वैसे ही लाइन जोड़ने का काम भी किया जा रहा है।
बता दें कि शनिवार को ही मुख्य अभियंता शशांक कुमार अग्रवाल ने भी संभल डिवीजन का दौरा करके दीपावली पर बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। अब देखना यह है कि उपभोक्ताओं के घरों में उजियारा कैसे हो पाएगा।
लाइनें दुरुस्त की और बदलवाए इंसुलेटर
दीपावली को लेकर बिजली विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। एक्सईएन के अनुसार, संभल डिवीजन में करीब सात लाइनों को दुरुस्त किया गया है और 65 इंसुलेटर बदलवाए गए हैं।
119 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की गई है। जिन इलाकों में कम क्षमता के ट्रांसफार्मर थे, वहां वृद्धि होने से उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। 25 से 63 केवीए, 63 से 100 केवीए और 100 से 250 केवीए के ट्रांसफार्मर काम कर रहे हैं।
छह और सात अक्टूबर को रात में बिजली नहीं जाएगी जबकि आठ अक्टूबर को 24 घंटे बिजली आपूर्ति बनी रहेगी। संभल डिवीजन में 29 बिजलीघर हैं। इन पर 550 कर्मचारियों की तैनाती है और करीब 17 हजार ट्रांसफार्मरों से बिजली आपूर्ति हो रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।