UP Chunav: 'मांग पूरी नहीं तो वोट नहीं!' संभल के 23 गांवों का बड़ा फैसला, विस चुनाव बहिष्कार की तैयारी
संभल जिले की नेकपुर न्याय पंचायत के 23 गांवों ने अमरोहा में शामिल होने की मांग पूरी न होने पर ...और पढ़ें

नेकपुर पंचायत को अमरोहा में शामिल कराने की मांग करते ग्रामीण। जागरण
HighLights
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के चक्कर लगाने के बाद भी समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी
संवाद सहयोगी, जोया (अमरोहा)। संभल जिले की नेकपुर न्याय पंचायत के 23 गांवों को अमरोहा में शामिल कराने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। दैनिक जागरण की ओर से शुरू की गई मुहिम को आगे बढ़ाते हुए ग्रामीणों ने भी आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के दरवाजे खटखटाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
शनिवार को नेकपुर मुख्तियारपुर स्थित शिव मंदिर में जनसंघर्ष समिति के बैनर तले ग्रामीणों की पंचायत हुई। इसमें सर्वसम्मति से आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया।
समिति के अध्यक्ष हरिराज सिंह ने कहा कि 23 गांवों के लोगों की समस्या को प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को गंभीरता से समझना चाहिए। लंबे समय से ग्रामीण नेकपुर न्याय पंचायत को अमरोहा में शामिल कराने की मांग कर रहे हैं।
मगर, अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। जनप्रतिनिधियों ने चुनाव के समय न्याय पंचायत को अमरोहा में शामिल कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन चुनाव के बाद किसी ने इस मुद्दे को आगे नहीं बढ़ाया।
कहा अब ग्रामीणों ने एकजुट होकर आर-पार की लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया है। बताया रविवार से गांव-गांव जाकर चुनाव बहिष्कार के पोस्टर लगाए जाएंगे।
ग्रामीणों ने कहा नेकपुर न्याय पंचायत के गांवों से अमरोहा की दूरी करीब 15 किलोमीटर है, जबकि संभल जिला मुख्यालय बहजोई पहुंचने के लिए करीब 70 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है। सरकारी और प्रशासनिक कार्यों के लिए इतनी लंबी दूरी तय करने में समय के साथ धन की भी बर्बादी होती है।
पंचायत में सभी गांवों के लोग शामिल हुए। सहमति से विस चुनाव के बहिष्कार का निर्णय लिया है। रविवार से पोस्टर लगाने का काम शुरू होगा। मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
- हरिराज सिंह, अध्यक्ष, जनसंघर्ष समिति, नेकपुर न्याय पंचायत।
यह भी पढ़ें- हरिद्वार गंगा एक्सप्रेस-वे : अमरोहा के 950 किसानों की चमकेगी किस्मत, जमीन के मिलेंगे सर्किल रेट से 4 गुणा दाम