संभल में सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क की ओवैसी को नसीहत, भाजपा को हराने के लिए लड़ें चुनाव
संभल से सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने असदुद्दीन ओवैसी को भाजपा के खिलाफ लड़ने की नसीहत दी है, ताकि विपक्षी वोटों का बंटवारा न हो।

बर्क ने विपक्षी वोटों के बंटवारे का मुद्दा उठाया
जागरण संवाददाता, संभल। असदुद्दीन ओवैसी की सियासी चुनौती के बीच संभल से सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने भाजपा को निशाने पर रखकर विपक्षी वोटों के बंटवारे का मुद्दा उठाया है।
उन्होंने ओवैसी को नसीहत दी कि यदि चुनाव लड़ना है तो भाजपा को हराने के लिए लड़ें। बर्क ने सवाल उठाया कि जिन सीटों पर मुस्लिम प्रत्याशी पहले से जीतते आ रहे हैं, वहां अलग से उम्मीदवार उतारने से विपक्षी वोटों का बंटवारा होगा और इसका सीधा फायदा भाजपा को मिल सकता है।
साेमवार को संभल स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में सांसद बर्क ने ओवैसी की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संभल और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को गोरखपुर से चुनाव लड़ने की चुनौती पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कौन कहां से चुनाव लड़ेगा और किसे जीत मिलेगी, इसका फैसला जनता करेगी।
बर्क ने उत्तर प्रदेश में आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर दावा किया कि निष्पक्ष चुनाव होने पर 11 में से आठ से नौ सीटों पर समाजवादी पार्टी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी गठबंधन की सीटों को लेकर जल्द तस्वीर साफ करना चाहती है और अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रत्याशियों को लेकर फैसला जल्द होगा।
संविधान दिवस पर सरकार से रिपोर्ट कार्ड मांगने के मुद्दे पर बर्क ने कहा कि भाजपा को जनता के सामने बताना चाहिए कि कितने वादे पूरे हुए और कितने लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला। उन्होंने दावा किया कि यदि आज चुनाव हो जाएं तो उत्तर प्रदेश में भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- संभल में भाजपा नेता ने सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के पिता से बताया जान का खतरा, फेसबुक पोस्ट से मचा हड़कंप
भाजपा का समर्थन करने वाले बागी विधायकों पर आरोप लगाते हुए बर्क ने कहा कि इन विधायकों ने निजी फायदे, मंत्री पद और सुरक्षा के लिए पाला बदला। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में इन्हें जनता के सवालों का सामना करना पड़ेगा और दोबारा जीत हासिल करना आसान नहीं होगा।
