संभल में भाजपा नेता ने सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के पिता से बताया जान का खतरा, फेसबुक पोस्ट से मचा हड़कंप
भाजपा नेता राजेश सिंघल ने सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के पिता ममलूकुर्रहमान बर्क से अपनी हत्या की आशंका जताई है।

राजेश सिंघल और ममलूकुर्रहमान बर्क
HighLights
भाजपा नेता राजेश सिंघल ने हत्या की आशंका जताई।
सपा सांसद के पिता ममलूकुर्रहमान बर्क पर आरोप।
हिंदू धार्मिक स्थलों के मुद्दे पर रंजिश का दावा।
जागरण संवाददाता, संभल। भाजपा के पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल ने सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के पिता ममलूकुर्रहमान बर्क से अपनी रंजिश बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।
उन्होंने अपनी फेसबुक पर पोस्ट करते हुए लिखा कि हिंदू धार्मिक स्थलों और कल्कि धाम के निर्माण को लेकर आवाज उठाने के कारण ममलूकुर्रहमान बर्क उनसे रंजिश रखते हैं और उनकी हत्या करवाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि 2023 में संभल कोतवाली में दिवंगत सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क और उनके दो समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उनका आरोप है कि इसके बाद से ममलूकुर्रहमान बर्क उनसे रंजिश रखते हैं। उन्होंने कहा कि संभल की 24 कोसीय परिक्रमा, 68 तीर्थ, 19 कूप और हरिहर मंदिर के निर्माण सहित हिंदू समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर वह लगातार आवाज उठाते रहे हैं।
उन्होंने कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम को हाल में मिली जान से मारने की धमकी पर भी चिंता जताई। धमकी मामले में कुलवीर सिंह सिद्धू का नाम सामने आया है और उसके बब्बर खालसा से जुड़े होने का दावा किया गया है।
सिंघल ने कहा कि संतों, मठ-मंदिरों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए समाज को एकजुट रहना चाहिए। उन्होंने सरकार से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। उधर, सांसद के पिता ममलूकुर्रहमान बर्क ने कहा कि उनकी तरफ से कोई भी धमकी नहीं दी गई है।
राजेश सिंघल का खुद की पार्टी में कोई वजूद नहीं रहा है। इसलिए वह ऐसे मनगढ़त आरोप लगा रहे हैं। जामा मस्जिद को लेकर बयान भी उन्हीं की तरफ से पहले आया था। वह लोगों को उकसाने का काम कर रहे हैं।
