खुशखबरी: अब जन्म प्रमाण पत्र के लिए नगर पालिका के चक्कर खत्म! निजी अस्पतालों में ही होगा रजिस्ट्रेशन
संभल में अब बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र के लिए अभिभावकों को नगर पालिका के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शहर के ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
प्रमाणपत्र के लिए नगर पालिका के नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर, 16 अस्पतालों में स्वास्थ्य विभाग ने जारी की आईडी
संवाद सहयोगी, संभल। बच्चे के जन्म के बाद जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए अब अभिभावकों को नगर पालिका के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शहर के 16 निजी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों का जन्म पंजीकरण अस्पताल में ही किया जाएगा। इसके लिए अस्पतालों को आनलाइन व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है। सीएमओ कार्यालय से उनकी आईडी जारी हो चुकी हैं।
निजी अस्पताल संचालक जन्म के समय ही बच्चे का विवरण पोर्टल पर दर्ज करेंगे और पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पालिका से जन्म प्रमाणपत्र जारी होगा।
इससे जन्म पंजीकरण में देरी और दफ्तरों के चक्कर लगाने की समस्या भी कम होगी। नगर पालिका की इस व्यवस्था के तहत बच्चे के जन्म के बाद निजी अस्पताल प्रबंधन की जिम्मेदारी होगी कि वह जन्म की सूचना आनलाइन पोर्टल पर दर्ज करे।
इसके लिए अस्पताल को यूजर आइडी और पासवर्ड उपलब्ध कराया जाएगा। अस्पताल का अधिकृत कर्मचारी बच्चे के जन्म की तारीख, समय, माता-पिता का नाम और पता सहित जरूरी विवरण पोर्टल पर भरेगा।
अभिभावकों को इसके लिए अलग से नगर पालिका कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा। हालांकि पालिका में बच्चे के नाम के लिए फार्म पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होगी और जन्म प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा।
बता दें कि पहले यह प्रक्रिया आफलाइन थी और एक साल तक बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र के लिए पालिका के चक्कर लगाने पड़ते थे। वहीं जिले में जन्म पंजीकरण की आनलाइन व्यवस्था लागू है, लेकिन इसके क्रियान्वयन में कई स्तरों पर दिक्कतें सामने आई हैं।
पूर्व में जिले के 52 निजी अस्पतालों की यूजर आइडी बनाई जा चुकी हैं, लेकिन कई अस्पतालों में पासवर्ड उपलब्ध नहीं होने और व्यवस्था का इस्तेमाल नहीं किए जाने से आनलाइन पंजीकरण प्रभावित हो रही थी
जिले में हैं 154 पंजीकरण प्राइवेट अस्पताल
जिले में 134 पंजीकृत अस्पताल हैं। इनमें करीब 50 अस्पतालों में प्रसव की सुविधा है। शहर के लगभग 16 और ग्रामीण क्षेत्रों के 10 अस्पतालों में यह सुविधा उपलब्ध है।
इसके बावजूद जन्म पंजीकरण के लिए लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। नई व्यवस्था के तहत शहर के 16 निजी अस्पतालों को आनलाइन पंजीकरण से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
ऑफलाइन प्रक्रिया के तहत जन्म प्रमाण पत्र के सत्यापन के लिए सिर्फ पालिका से ही नहीं बल्कि सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय और सीएमओ कार्यालय में भी सत्यापन के लिए फाइलों को भेजा जाता था। अब इस प्रक्रिया के तहत लोगों को राहत मिलेगी और प्रमाण पत्र में देरी का झंझट भी खत्म होगा।
- आदित्य प्रकाश, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद, संभल
यह भी पढ़ें- कागजी हेराफेरी से हड़पी थी 101 करोड़ की जमीन, अब संभल प्रशासन वहां बसाएगा नया औद्योगिक शहर