दबिश देने गई पुलिस पर अभद्रता और CCTV से छेड़छाड़ के आरोप, बेहोश महिला को घसीटती दिखीं महिला सिपाही
रजपुरा थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में पुलिस दबिश के दौरान अभद्रता, मारपीट और सीसीटीवी से छेड़छाड़ के आरोप लगे ...और पढ़ें

शाहपुर गांव में बेहोश महिला को घसीटकर ले जाती पुलिस (लाल घेरे में)। स्रोत इंटरनेट मीडिया
HighLights
रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर में अभद्रता और मारपीट की शिकायत
कैमरों की चिप निकालने पर पुलिस ने साक्ष्य जुटाने की बताई कार्रवाई
संवाद सूत्र, रजपुरा (संभल)। गांव शाहपुर में जमीन विवाद को लेकर चल रही पुरानी रंजिश के बीच पुलिस की दबिश के दौरान अभद्रता और सीसीटीवी कैमरों से छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं। जिसमें 11 नवंबर को शिकायत मिलने पर गांव पहुंची पुलिस की कार्रवाई के तीन वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुए हैं।
जब मामला इंटरनेट मीडिया पर छाया तो शिकायतकर्ता गजेंद्र उर्फ जगवीर की तहरीर पर शुक्रवार को अवधेश, कालीचरण उर्फ रतन सिंह, सोबरन उर्फ राकेश, पप्पू उर्फ अमर सिंह और घलेन्द्र के खिलाफ गाली गलौज, धमकी और मुकदमे वापस लेने का दबाव बनाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। साथ ही पुलिस ने मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।
दावा है कि इन वीडियो में पुलिस गांव में पहुंची और घर में दाखिल होने से पहले एक युवक को पकड़ा, फिर घर में महिलाओं को बाहर निकालकर गाड़ी में बैठाया गया, एक महिला बेहोश होती है तो उसे दो महिला पुलिसकर्मी घसीटते हुए कुछ देरी तक ले गईं।
घर में एक पुलिसकर्मी फावड़ा चलाते दिखता है लेकिन कहां प्रहार किया, यह स्पष्ट नहीं है। मामला प्रशासक और पूर्व प्रधान के परिवार के पक्ष के बीच का है।
गुड्डो देवी ने एसपी को शिकायती पत्र देकर पुलिसकर्मियों पर घर में घुसकर महिलाओं और स्वजन से मारपीट, अभद्रता और जेवर छीनने का आरोप लगाया है।
प्रसारित वीडियो में पंचायत द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरों से छेड़छाड़ का भी आरोप है। थाना प्रभारी संदीप चौधरी का कहना है कि पुलिसकर्मी साक्ष्य जुटाने के लिए कैमरे की चिप निकालने का प्रयास कर रहे थे।
पुरानी रंजिश में गवाह की भूमिका से जुड़ा है मामला
गजेंद्र उर्फ जगवीर ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2012 में सोबरन उर्फ राकेश और उसके भाई विल्लू उर्फ जगतपाल ने उन्हें जान से मारने की नीयत से गोली मारी थी। इस मामले में दोनों जेल गए थे और वर्तमान में जमानत पर हैं।
इसके बाद वर्ष 2014 में पप्पू उर्फ अमर सिंह और उसके परिवार वालों पर गजेंद्र के रिश्तेदार रामबाबू की हत्या का आरोप लगा था। हत्या के मुकदमे में पप्पू उर्फ अमर सिंह, सोबरन उर्फ राकेश और उनके परिवार के लोग जेल गए थे।
वर्तमान में सभी जमानत पर हैं और हत्या का मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। गजेंद्र का आरोप है कि दोनों मुकदमों में वह गवाह है और आरोपित पक्ष फैसला करने का दबाव बनाता है।
दोनों पक्षों में काफी दिनों से विवाद चल रहा है। दो महीने पहले मारपीट हुई तो दो पुलिसकर्मी एक महीने तक गांव में पिकेट पर रहे। इसी में शिकायत पर पुलिस मौके पर गई थी। किसी के साथ मारपीट नहीं की और सीसीटीवी फुटेज से छेड़छाड़ नहीं, बल्कि पूरी घटना को देखने के लिए चिप निकाली गई है।
- अंकित मिश्रा, सीओ, गुन्नौर
यह भी पढ़ें- संभल की ऐतिहासिक 24 कोसीय परिक्रमा शुरू: 68 तीर्थ और 19 कूपों के दर्शन के लिए उमड़ा आस्था का सैलाब
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।