5 साल बाद मिला इंसाफ, नाबालिग से दरिंदगी करने वाले को 20 साल की कैद; सह-अभियुक्त बरी
संभल की विशेष पाक्सो अदालत ने नाबालिग से दुष्कर्म और अपहरण के पांच साल पुराने मामले में मुख्य अभियुक्त हसीन को 20 वर्ष के कठोर कारावास और 25 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।

एआई इमेज
HighLights
विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट की अदालत ने पांच साल पुराने मुकदमे में सुनाया फैसला
संवाद सहयोगी, चंदौसी (संभल)। विशेष न्यायाधीश (पाक्सो एक्ट) अवधेश कुमार सिंह की अदालत ने करीब पांच वर्ष पुराने नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में मुख्य अभियुक्त हसीन को दोषी करार देते हुए 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 25 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है, जबकि साक्ष्य के अभाव में सह-अभियुक्त जियाऊल को दोषमुक्त कर दिया है।
संभल कोतवाली के एक मुहल्ले की निवासी महिला ने एक मार्च 2021 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि शाम करीब चार बजे जब वह सामान लेने बाजार गई थी।
तब कबीर की सराय निवासी हसीन उसकी कक्षा सात में पढ़ने वाली बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। पुलिस ने किशोरी को बरामद कर आरोपितों को जेल भेजा।
विवेचना के बाद दोनों के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया। विशेष लोक अभियाेजक आदित्य सिंह ने बताया कि विचारण के दौरान साक्ष्यों के अवलोकन और गवाहों को सुनने के बाद न्यायालय ने हसीन को अपहरण और दुष्कर्म का दोषी मानते हुए 20 साल के कारावास की सजा सुनाई। साथ ही 25 हजार रुपये के जुर्माने से दंडित किया।
आदेश के अनुसार, जुर्माने की आधी धनराशि पीड़िता को दी जाएगी। वहीं न्यायालय ने इस मुकदमे के सह-अभियुक्त जियाऊल को साक्ष्याें के अभाव में बरी कर दिया गया। एडीजीसी ने बताया कि न्यायालय ने बुधवार को सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था।